कार्तिक आर्यन के घुटने में गंभीर चोट बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन को फिल्ममेकर कबीर खान की आने वाली अनटाइटल्ड फिल्म की शूटिंग के दौरान घुटने में गंभीर चोट लग गई। हादसा एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि फिल्म का आखिरी शेड्यूल चल रहा था और शूटिंग महज दो दिन बाद पूरी होने वाली थी। चोट के बाद कार्तिक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जल्द ही उनकी सर्जरी हो सकती है। इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है। इससे पहले कार्तिक एक्शन कोच के साथ मुश्किल स्टंट सीन्स के लिए कड़ी ट्रेनिंग कर रहे थे। आयशा खान ने शेयर कीं सगाई की तस्वीरें रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के हिट गाने ‘शरारत’ में नजर आईं एक्ट्रेस आयशा खान इन दिनों अपनी सगाई की तस्वीरों को लेकर चर्चा में हैं। आयशा ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं जिनमें वह डायमंड रिंग फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। तस्वीरों में उनके साथ एक मिस्ट्री मैन भी दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ फैंस इस शख्स की तुलना सिंगर करण औजला से कर रहे हैं। हालांकि कई लोगों का मानना है कि ये किसी म्यूजिक प्रोजेक्ट का पब्लिसिटी स्टंट भी हो सकता है। आयशा ने तस्वीरों के साथ लिखा ‘एक सपना।’ ईशा कोप्पिकर बोलीं- मैं अंधभक्त हूं एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर खुद को ‘अंधभक्त’ बताया है। उन्होंने कहा कि अगर अपने देश और भारत की प्रगति चाहना भक्ति है तो वह अंधभक्त हैं। ईशा ने साफ किया कि उनकी भक्ति किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं बल्कि अपने देश के लिए है। ईशा के इस बयान पर बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट ने भी उनका समर्थन किया। कंगना ने कहा कि ईशा ने अपने विचारों को उनके लिए अच्छे तरीके से समझाया है। ईशा कोप्पिकर ने साल 2019 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। सोनाक्षी की ट्रोलिंग पर शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा दावा एक्टर और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्हा की ऑनलाइन ट्रोलिंग को लेकर बड़ा दावा किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि सोनाक्षी की ट्रोलिंग के पीछे बीजेपी IT सेल का हाथ है। उन्होंने कहा कि सोनाक्षी समझदार हैं और उन्हें पता है कि कब और किस मुद्दे पर अपनी बात रखनी है। सोनाक्षी के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर रुख को लेकर सवाल पूछे जाने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने दावा किया कि उनकी बेटी ने झारखंड के बच्चों से जुड़े मामले में भी मजबूती से आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि सोनाक्षी का समर्थन बहुत स्पष्ट और मजबूत था।