Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
15-Aug-2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन किया गया। मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों को कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी और निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों अमर शहीदों सैनिकों और उत्तराखंड आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी इस विकास यात्रा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड के राजभवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों अमर शहीदों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद किया। राज्यपाल ने सीमाओं और दुर्गम क्षेत्रों में देश की सुरक्षा कर रहे सैनिकों को भी सलाम किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने में सभी से योगदान देने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उत्तराखंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। देहरादून के परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने 15 पुलिस कार्मिकों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जिनमें दो को मरणोपरांत सम्मान दिया गया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पौड़ी चमोली और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क स्थापित करने युवाओं की नीति निर्माण में भागीदारी के लिए युवा आयोग बनाने की घोषणा की। पीएम आवास योजना में राज्य अंश 50 हजार से बढ़ाकर 70 हजार और बाल वीरता पुरस्कार शुरू करने की भी घोषणा की। देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देश की एकता अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच पर हवन कराकर शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने भाजपा की इस कार्रवाई को दलित विरोधी मानसिकता करार देते हुए विरोध जताया है। इस घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून द्वारा विकासनगर में एक विशाल सत्याग्रह विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। ब्लॉक परिसर विकासनगर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा स्थल तक रैली निकाली गई। संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के सम्मान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सत्याग्रह कर रहे हैं।