पदोन्नति पर बड़ी राहत सीएम बोले- सीपीसीटी नहीं बनेगा रोड़ा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ किया है कि सीपीसीटी (CPCT) परीक्षा सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। फैसले से करीब 15 हजार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के प्रमोशन का रास्ता खुल गया है। लंबे समय से कर्मचारी संगठन इस शर्त को हटाने की मांग कर रहे थे। सरकार अब पदोन्नति प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन की तैयारी कर रही है जिससे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। तिरंगे की छटा से अद्भुत नजर आएगा बड़ा तालाब सैकड़ो नावों से निकलेगी नौका तिरंगा यात्रा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं की श्रृंखला में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 13 अगस्त को विशाल नौका तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में यह यात्रा सुबह 11 बजे बोट क्लब बड़े तालाब से प्रारंभ होगी।सहकारिता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि इस भव्य आयोजन में सैकड़ों नावें तिरंगे के साथ शामिल होंगी और हजारों देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनेंगे। बड़े तालाब का जल क्षेत्र तिरंगे की छटा से सराबोर होगा।मं अनुकंपा नियुक्ति वाला क्लर्क निकला करोड़पति! EOW का छापा मध्यप्रदेश के मंडला में 20 साल पहले अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले फॉरेस्ट विभाग के क्लर्क श्वेतांक चौरसिया के घर बुधवार सुबह जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने छापा मारा। कार्रवाई में अब तक करीब 2.48 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आई है। EOW के अनुसार चौरसिया की वैधानिक आय लगभग 55-60 लाख रुपए आंकी गई है जबकि बरामद संपत्तियां उससे कई गुना अधिक हैं। सट्टा किंग सतीश सनपाल की याचिकाएं हाईकोर्ट से खारिज एमपी पुलिस ने जिस सट्टा किंग सतीश सनपाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है वह दुबई में रहकर लग्जरी लाइफ जी रहा है। सनपाल ने लगातार हाईकोर्ट से राहत की मांग की थी।उसने याचिकाएं दायर कर आग्रह किया था कि उसे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। हाईकोर्ट ने सतीश सनपाल को झटका देते हुए उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को निरस्त करने की मांग वाली याचिकाएं खारिज कर दी हैं। सुप्रीम कोर्ट में भोजशाला मामले की सुनवाई टली मध्यप्रदेश के धार जिले की ऐतिहासिक भोजशाला मामले में मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर याचिकाओं पर बुधवार को भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी।इससे पहले 5 अगस्त को भी सुनवाई टल गई थी और कोर्ट ने अगली तारीख 12 अगस्त तय की थी। कार्यवाही आगे नहीं बढ़ने से मामले में अगली सुनवाई का इंतजार है। बैंकों में 5 डे वीक वर्किंग की मांग भोपाल में 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह यानी 5 डे वीक वर्किंग की मांग को लेकर बुधवार को बैंककर्मियों ने प्रदर्शन किया। शाम को वे अरेरा हिल्स स्थित पंजाब नेशनल बैंक जोनल ऑफिस के सामने जुटे और नारेबाजी की। यहां पर सभा भी हुई। इसमें संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि केंद्र सरकार जल्द मांग को नहीं मानती है तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल भी जा सकते हैं। इंदौर में एनालॉग पनीर पर कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को विभाग की टीम ने पालदा स्थित उमापति इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। यहां लो-फैट पनीर बनाने और पैकिंग का काम चल रहा था। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां सामने आने पर टीम ने 450 किलोग्राम पनीर जब्त किया जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.17 लाख बताई गई है। रहस्यमयी बीमारी से दो महीने में 8 बच्चों की मौत बालाघाट जिले के आदिवासी इलाकों में रहस्यमयी बीमारी के चलते 26 जून से अब तक 8 बच्चों की जान चली गई है। जबलपुर मेडिकल कॉलेज और बालाघाट के डॉक्टरों की टीम ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया लेकिन मौतों की असली वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। टीम के मुताबिक बीमार बच्चों में न्युमोनिया एनीमिया यानी खून की कमी डिहाइड्रेशन बुखार खुजली मलेरिया और किडनी पर असर जैसे लक्षण मिले हैं। सैंपल पुणे की लैब में भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शाजापुर में एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। भोपाल समेत चार जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। खरगोन में 8.1 इंच बारिश दर्ज की गई जबकि पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कई नदियां और नाले उफान पर हैं तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।