संस्कारधानी जबलपुर में भक्ति और आस्था के संगम के बीच 16वीं संस्कार कांवड़ यात्रा भव्य रूप से आयोजित की गई। गौरीघाट तट पर समर्थ भैयाजी सरकार के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार व मां नर्मदा के पूजन के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि हजारों कांवड़िए एक ओर नर्मदा जल तो दूसरी ओर देव वृक्ष लेकर निकले जिससे पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण का एक अनूठा संदेश दिया गया। बारिश के बावजूद बच्चों युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे दोगुनी उमंग के साथ गौरीघाट से मढ़ई स्थित कैलाश धाम तक का 35 किलोमीटर लंबा सफर तय कर पहुंचे। शहर में शास्त्री चौक सहित विभिन्न स्थानों पर झांकियों लोक नृत्य मंडलियों की शानदार प्रस्तुतियों और पुष्प वर्षा के साथ कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू संयोजक शिव यादव सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं संतजन शामिल हुए। यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मार्ग पर सुरक्षा के चौक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत डिज्नी होटल में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे जुआरियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत मदनमहल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देर रात होटल के पोर्च में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर 12 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा जिनके कब्जे से 15200 नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। पूछताछ में होटल में जुआ खिलवाने की बात सामने आने पर पुलिस ने होटल संचालक शिवम के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया और उसके पास से 7300 जप्त किए। इस तरह पुलिस ने कुल 22500 की नगदी बरामद की है। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज राज के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। जबलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जबलपुर। अति प्राचीन स्वयंभू सिद्ध पीठ भगवान श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से सावन माह के दूसरे सोमवार को उज्जैन की तर्ज पर भगवान आशुतोष की भव्य शाही सवारी अत्यंत धूमधाम और भक्तिभाव से निकाली गई। प्रस्थान से पूर्व मंदिर प्रांगण में भोलेनाथ की विशेष महाआरती की गई जिसके बाद गाजे-बाजे और जयकारों के साथ सवारी नगर भ्रमण पर निकली। पिछले 16 वर्षों से जारी इस परंपरा का उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को दर्शन देना है जो मंदिर तक नहीं पहुँच पाते। धार्मिक मान्यता है कि वर्ष में एक बार महादेव स्वयं गर्भगृह से बाहर आकर अपनी प्रजा का हालचाल जानते हैं और सुख-समृद्धि का वरदान देते हैं। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर सवारी का भव्य स्वागत किया। शिव पुराण की कोटिरुद्र संहिता के अनुसार रामेश्वरम का उपलिंग माने जाने वाले इस शिवलिंग की स्थापना वनवास काल में स्वयं भगवान श्री राम ने नर्मदा तट पर की थी। यात्रा के दौरान पूरा शहर हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहा। जिला न्यायालय गेट नंबर-03 के पास पुलिस ने एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार युवक संदिग्ध हालत में खड़ा था और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम अनमोल जैन निवासी गोरखपुर बताया। तलाशी में उसके पास एक धारदार मछलीनुमा चाकू मिला जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। जबलपुर । मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ द्वारा प्रांतीय महामंत्री अजय कुमार दुबे के नेतृत्व में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सहायक ग्रेड-3 पद पर पदोन्नति में सीपीसीटी की अनिवार्यता के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने दमनकारी आदेश की होली जलाकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। संघ का कहना है कि वर्षों से निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा थोपना न्यायसंगत नहीं है। संघ ने मांग की है कि 55 जिलों और 10 संभागों में जारी इस आंदोलन के तहत सीपीसीटी की अनिवार्यता तत्काल समाप्त या शिथिल कर कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर पदोन्नति दी जाए अन्यथा आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।