सलमान खान के घर के बाहर पुलिसकर्मी की मौत मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर तैनात 41 वर्षीय पुलिस कॉन्स्टेबल गणेश की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक कॉन्स्टेबल गणेश अचानक बीमार होकर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। गणेश उन पुलिसकर्मियों में शामिल थे जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सलमान खान को मिल रही धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा में तैनात किया गया था। सलमान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल जारी है। रणवीर शौरी ने गाली देने पर माफी से किया इनकार एक्टर रणवीर शौरी एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवादों में हैं। रणवीर शौरी अनुपम खेर और खोसला का घोसला 2 की स्टारकास्ट की रील को 16 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। इसके बाद कुछ यूजर्स ने रणवीर पर कमेंट किए जिनका उन्होंने जवाब दिया। इसी दौरान एक महिला यूजर को गाली देने पर उनकी आलोचना शुरू हो गई। एक यूजर ने जब उनसे सवाल किया तो रणवीर ने माफी मांगने के बजाय कहा कि इंटरनेट पर जैसे को तैसा मिलता है और अपना लेक्चर अपने पास रखने की बात कही। उनके इस जवाब को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। सैफ अली खान बचपन में बहन के पर्स से पैसे निकालते थे सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने अपने बचपन से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि सैफ कई बार उनके पर्स से पैसे निकाल लेते थे और बाद में वही रकम रक्षा बंधन पर उन्हें गिफ्ट के तौर पर दे देते थे। यह बात सबा ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के यूट्यूब शो में बताई। वहीं सोहा अली खान ने बताया कि पटौदी परिवार के महल में रहने के बावजूद बच्चों को कभी शाही जिंदगी का एहसास नहीं कराया गया। उनके पिता मंसूर अली खान पटौदी बच्चों को खर्च और बिजली बचाने की अहमियत समझाते थे। तमिलनाडु CM विजय की पत्नी ने तलाक की अर्जी वापस ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दाखिल तलाक की अर्जी वापस ले ली है। शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल होकर उन्होंने जज सुजाता को अर्जी वापस लेने की जानकारी दी। जज ने करीब 15 मिनट तक उनसे पूछताछ की जिसके बाद अर्जी स्वीकार कर तलाक का केस खत्म कर दिया गया। संगीता ने फरवरी 2026 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी और विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे। विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। एक्टर प्रदीप रावत की प्रेयर मीट में पहुंचे कई सितारे गजनी और लगान जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत की शुक्रवार शाम मुंबई में प्रेयर मीट आयोजित की गई। इसमें रघुवीर यादव अखिलेंद्र मिश्रा मुकेश ऋषि और कॉमेडियन सुनील पाल समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार शामिल हुए। सभी ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार को सांत्वना दी। प्रदीप रावत के बेटे विक्रमादित्य ने प्रेयर मीट में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने उनके दुख को अपना समझा जिससे परिवार को भावनात्मक सहारा मिला।