Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
08-Aug-2026

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के बारुला गांव का उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। जर्जर भवन में बारिश का पानी भरने के साथ छत का प्लास्टर गिर रहा है और सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बना हुआ है। सुरक्षा के चलते स्वास्थ्य केंद्र पिछले दो वर्षों से महिला स्व-सहायता समूह के भवन में संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नए भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वहीं छह बिस्तरों वाले अतिरिक्त भवन का निर्माण भी अतिक्रमण के कारण अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने जल्द नए स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था करने की मांग की है। रायगढ़ जिले में फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दो बार पेट्रोल पंप से कुल 6100 रुपये का पेट्रोल भरवाया और बिना भुगतान किए फरार हो गया था। बता दे कि यह मामला दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप का है। आरोपी ने 2500 रुपये और 25 जुलाई को 3600 रुपये का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारियों को मोबाइल पर फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और टोल प्लाजा फुटेज की मदद से कार की पहचान की। जांच के आधार पर पुलिस ने 19 वर्षीय मयंक शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल बलेनो कार और दस्तावेज बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड में शिक्षा सत्र शुरू हुए करीब तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन फरसरा प्राथमिक शाला के बच्चों को अब तक अपना स्कूल भवन नहीं मिल पाया है। भवन निर्माण पिछले एक साल से जारी है जिसके चलते बच्चे अलग-अलग जगहों पर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। पहली और दूसरी कक्षा के छात्र वन विभाग के कमरे में तीसरी और चौथी के बच्चे स्कूल के अतिरिक्त भवन में जबकि पांचवीं कक्षा के छात्र सरपंच के केबिन में पढ़ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में देरी और विभागीय लापरवाही के कारण बच्चों को उधार के भवनों में पढ़ाई करनी पड़ रही है। अब सवाल है कि आखिर बच्चों को अपना स्कूल भवन कब मिलेगा? सनातन धर्म और देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने क्रिश्चियन फोरम से जुड़े अरुण पन्नालाल गौतम को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अगली पेशी 21 अगस्त को होगी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। भाजपा ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। वहीं गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा पर अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में भाजपा ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर बजरंग दल ने भी विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस द्वारा जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग के बाद रैंकिंग दिए जाने की तैयारी पर वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर रैंकिंग कौन देगा? उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे फिलहाल सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम गाड़ी का ढक्कन खोलने में व्यस्त हैं ऐसे में रैंकिंग के लिए समय कहां से मिलेगा। अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास न कोई स्पष्ट कार्यक्रम है न उद्देश्य और न ही विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पुराने कैडर को व्यस्त रखने के लिए तरह-तरह की गतिविधियां कराती रहती है।