Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
23-Jul-2026

1. शेयर बाजार में सपाट कारोबार घरेलू शेयर बाजार में आज 23 जुलाई को सपाट कारोबार देखने को मिला। सेंसेक्स करीब 76700 और निफ्टी 23950 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो फार्मा और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखाई दिया जबकि ऑटो और मीडिया शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निवेशकों की नजर अब कंपनियों के तिमाही नतीजों और वैश्विक बाजारों के संकेतों पर बनी हुई है। 2. AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच उबर ने की छंटनी राइड-हेलिंग कंपनी उबर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने और अपनी कार्यप्रणाली को सरल बनाने के लिए ग्राहक सेवा विभाग में 10 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कंपनी ने कई दूरस्थ कर्मचारियों से कार्यालय लौटने या नौकरी छोड़ने का विकल्प भी दिया है। उबर का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य बेहतर सहयोग बढ़ाना और AI आधारित सेवाओं को तेजी से लागू करना है। 3. BPCL पहली तिमाही में घाटे में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी BPCL को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 3962 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। पिछले वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 6124 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। हालांकि कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और मार्जिन पर दबाव को घाटे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। 4. ट्रम्प का जेनेरिक दवाओं पर नया टैरिफ प्लान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिका में आयात होने वाली जेनेरिक दवाओं पर नया टैरिफ प्लान घोषित किया है। इसके तहत अगले दो वर्षों तक दवाओं पर कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा लेकिन इसके बाद एक वर्ष के लिए 100 प्रतिशत और फिर 200 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जाएगा। इस फैसले का असर भारतीय फार्मा कंपनियों पर पड़ सकता है क्योंकि अमेरिका भारतीय जेनेरिक दवाओं का सबसे बड़ा बाजार है। 5. HAL और साफरान का बड़ा समझौता हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी HAL और फ्रांस की साफरान एयरक्राफ्ट इंजन्स ने सीएफएम लीप इंजन के लिए सुपरएलॉय टरबाइन रिंग फोर्जिंग के उत्पादन और आपूर्ति को लेकर दीर्घकालिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत अब इंजन के अहम पुर्जे भारत में बनाए जाएंगे। इससे मेक इन इंडिया अभियान को मजबूती मिलेगी और वैश्विक एयरोस्पेस सप्लाई चेन में भारत की भागीदारी भी बढ़ेगी।