CM मोहन यादव बोले-एक शादी करने वाला ही MP में रहेगा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- मध्यप्रदेश में वही रह पाएगा जो एक ही शादी करेगा। विधानसभा के मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) लाएंगे। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यह ऐलान कटनी में किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदुओं और मुसलमानों के लिए अलग-अलग कानून क्यों हों? सबके लिए एक ही कानून होना चाहिए। अगर राम एक शादी करेगा तो रहीम दो या चार शादियां क्यों करेगा? मुस्लिम बहनें भी हमारी बहनें हैं और उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है। सीएम बोले- तीन तलाक का दौर खत्म हो चुका है। अगर कोई तलाक तलाक तलाक कहेगा तो उसे जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अगली कैबिनेट बैठक में UCC के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी। एमपी में अफसरों के विदेश दौरों पर रोक मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी खर्चों पर बड़ी सख्ती लागू कर दी है। वित्त विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर सरकारी खर्च पर होने वाले अफसरों के विदेश दौरों पर रोक लगा दी है। अब सरकारी काम से हवाई यात्रा सिर्फ इकोनॉमी क्लास में होगी। अगले दो साल तक होटलों और व्यावसायिक केंद्रों में कार्यशाला बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। नई कंसल्टेंसी सेवाओं के अनुबंध पर भी रोक लगा दी गई है।वित्त विभाग ने ये निर्देश वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के बजट आवंटन को व्यवस्थित रखने और गैर-जरूरी खर्चों पर नियंत्रण के लिए जारी किए हैं। आदेश सभी सरकारी विभागों निगमों मंडलों सार्वजनिक उपक्रमों और विश्वविद्यालयों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा। 27% ओबीसी आरक्षण पर 20 जुलाई को विधानसभा घेराव मध्य प्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27% आरक्षण लागू कराने की मांग को लेकर 20 जुलाई को ओबीसी महासभा विधानसभा घेराव करेगी। ओबीसी महासभा के घेराव को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने समर्थन दिया है। पूर्व कृषि मंत्री और कसरावद से कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने पत्र लिखकर 27% ओबीसी आरक्षण को पूर्ण रूप से लागू करने और 13% आरक्षण पर लगे होल्ड को हटाने की मांग का समर्थन किया। प्रदेशभर के ओबीसी समाज से 20 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में विधानसभा घेराव में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। धीरेंद्र शास्त्री बोले-मौलाना अंसारी घर वापसी कर लो भगवान श्रीकृष्ण को लेकर यूपी के मौलाना जर्जिस अंसारी के आपत्तिजनक बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने भी नाराजगी जताई है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हैदराबाद में चल रही हनुमत कथा के दौरान अंसारी को घर वापसी की सलाह देते हुए कहा कि दोबारा ऐसा बयान दिया तो उनके दरवाजे पर भगवद्गीता का पाठ करेंगे। शास्त्री ने कहा कि हर धर्म को अपनी आस्था तक सीमित रहना चाहिए। दूसरे धर्म की मान्यताओं पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमत कथा तेलंगाना के शमशाबाद में 17 जुलाई से शुरू हुई है जो 19 जुलाई तक चलेगी।