जियो का IPO होगा देश का सबसे बड़ा रिलायंस ने सेबी को सौंपे दस्तावेज रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स का बहुप्रतीक्षित IPO लाया जाएगा जिसके लिए कंपनी ने सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा कर दिया है। कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी कर करीब 4 बिलियन डॉलर यानी लगभग 37700 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। इसके अलावा रिलायंस ने यूरोप और अफ्रीका के बाजारों में विस्तार की योजना का भी खुलासा किया। मुंबई में ‘कोस्टल गार्डन’ नाम से अर्बन ग्रीन सेंक्चुरी 410 एकड़ में विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी और वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा यूनिवर्सिटी की स्थापना की भी घोषणा की गई। तेल संकट से सबक देश में बनेगा नया इमरजेंसी ऑयल रिजर्व अमेरिका-ईरान तनाव के दौरान वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़े असर के बाद केंद्र सरकार ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने का फैसला किया है। इसके तहत नया रणनीतिक ऑयल रिजर्व बनाया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) को सौंपी गई है। इस परियोजना पर करीब 15 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। सरकार का मानना है कि भविष्य में किसी भी वैश्विक संकट की स्थिति में यह रिजर्व देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। सोने-चांदी में बड़ी गिरावट निवेशकों को राहत कीमती धातुओं की कीमतों में इस सप्ताह बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 2830 रुपए घटकर 1.45 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। वहीं चांदी के दाम में भी भारी गिरावट देखने को मिली और यह 10609 रुपए सस्ती होकर 2.32 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर मांग में नरमी और निवेशकों की सतर्कता के चलते कीमतों में यह गिरावट आई है। ई20 पेट्रोल से घट रहा माइलेज इन आसान तरीकों से बढ़ाएं बचत देश में ई20 पेट्रोल के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कई वाहन मालिक माइलेज में कमी की शिकायत कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ साधारण आदतों को अपनाकर ईंधन की बचत की जा सकती है। वाहन को एक समान गति से चलाना अचानक एक्सीलरेशन और ब्रेकिंग से बचना तथा हाईवे पर क्रूज कंट्रोल का उपयोग करना फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके अलावा टायरों में सही हवा बनाए रखना और ट्रैफिक सिग्नल या जाम में अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखना भी माइलेज बढ़ाने में मदद करता है। भारत-ब्रिटेन समझौते से भारतीय पेशेवरों को बड़ी राहत भारत और ब्रिटेन के बीच सामाजिक सुरक्षा समझौता ‘डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन’ 15 जुलाई से लागू होने जा रहा है। इस समझौते के तहत ब्रिटेन में कार्यरत भारतीय पेशेवरों और कंपनियों को सामाजिक सुरक्षा योगदान के दोहरे भुगतान से राहत मिलेगी। अनुमान है कि इससे हर साल करीब 5000 करोड़ रुपए की बचत होगी। लगभग 75 हजार भारतीय पेशेवरों और 900 से अधिक भारतीय कंपनियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह समझौता भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के साथ लागू होगा जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।