शेयर बाजार में जोरदार उछाल सेंसेक्स 1000 अंक चढ़ा शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1000 अंक यानी 1.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74800 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया जबकि निफ्टी 300 अंक से अधिक उछलकर 23450 के करीब पहुंच गया। बाजार में रियल्टी मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा। बल्क यूजर्स पर पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने की रोक केंद्र सरकार ने इंडस्ट्रियल कॉमर्शियल और संस्थागत उपभोक्ताओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए रिटेल पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल खरीदने पर 90 दिनों की रोक लगा दी है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आदेश के अनुसार अब ऐसे उपभोक्ताओं को केवल थोक बिक्री केंद्रों से ही ईंधन खरीदना होगा। सरकार का कहना है कि रिटेल और थोक कीमतों में अंतर के कारण यह कदम उठाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। सेबी को और शक्तियां देने की सिफारिश संसदीय वित्त संबंधी स्थायी समिति ने भारतीय प्रतिभूति बाजार को अधिक सुरक्षित और निवेशक-अनुकूल बनाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) को अतिरिक्त शक्तियां देने की सिफारिश की है। समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब ने कहा कि प्रस्तावित प्रतिभूति बाजार संहिता-2025 के तहत नियम आधारित प्रणाली से नियामक की जवाबदेही बढ़ेगी और बाजार में संभावित संकटों को रोकने में मदद मिलेगी। ट्रंप प्रशासन को टैरिफ मामले में अदालत से राहत अमेरिका में आयात शुल्क को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई के बीच ट्रंप प्रशासन को बड़ी राहत मिली है। वॉशिंगटन स्थित संघीय अपील अदालत ने फैसला दिया है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सरकार दुनिया भर से आयात होने वाले सामान पर लगाए गए 10 प्रतिशत टैरिफ की वसूली जारी रख सकती है। इस फैसले को ट्रंप प्रशासन की महत्वपूर्ण जीत माना जा रहा है क्योंकि इससे उसकी मौजूदा व्यापार नीति फिलहाल प्रभावी बनी रहेगी।