Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
मनोरंजन
10-Jun-2026

पुलकित सम्राट की नई फिल्म की शूटिंग पूरी बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट ने टिप्स फिल्म्स के बैनर तले बन रही अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। फिल्म का निर्देशन स्नेहा तौरानी कर रही हैं जबकि इसके निर्माता रमेश तौरानी हैं। हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन सूत्रों के अनुसार इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब केवल एक गाने की शूटिंग बाकी है। फिल्म अपने निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष जब पुलकित का नाम इस प्रोजेक्ट से जुड़ा था तभी से यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है। वहीं हाल ही में रिलीज हुई ‘ग्लोरी’ में उनके दमदार अभिनय की भी खूब सराहना हो रही है। जेल के अनुभव पर बोले विक्रम भट्ट फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट ने पिछले वर्ष धोखाधड़ी के एक मामले में लगभग 70 दिन जेल में बिताने के अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि जेल के भीतर उन्हें एक अलग हिंदुस्तान देखने को मिला जहां उन्होंने कई गहरी दोस्तियां बनाईं और जीवन के नए पहलुओं को समझा। विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को डॉ. अजय मुंडिया की दिवंगत पत्नी पर बायोपिक बनाने के नाम पर धन लेने और फिल्म न बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विक्रम ने बताया कि जेल में साथी कैदी उन्हें प्यार से ‘भीष्म पितामह’ कहते थे और रात में उनसे हॉरर कहानियां सुनने के लिए इकट्ठा होते थे। उन्होंने कहा कि जेल में लोगों ने उनकी काफी देखभाल की और वहां उन्हें सच्ची दोस्ती का एहसास हुआ। नई भाषा और संस्कृति सीख रहीं शरवरी वाघ अभिनेत्री शरवरी वाघ अपनी आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह एक पंजाबी महिला का किरदार निभा रही हैं जो उनकी वास्तविक सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से काफी अलग है। शरवरी ने बताया कि उनकी परवरिश मराठी संस्कृति में हुई है और घर में मराठी भाषा बोली जाती है इसलिए पंजाबी किरदार निभाना उनके लिए एक नया अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि भारत की विविध भाषाएं और संस्कृतियां कलाकारों को लगातार सीखने का अवसर देती हैं। शरवरी के अनुसार किसी भी किरदार को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए केवल भाषा ही नहीं बल्कि उससे जुड़ी भावनाओं और संस्कृति को समझना भी जरूरी होता है। उन्होंने यह भी कहा कि मराठी भाषा आज भी उनके दिल के सबसे करीब है और भावनात्मक दृश्यों की तैयारी के दौरान वह अक्सर मराठी गीत सुनती हैं। शिल्पा शिंदे ने यौन उत्पीड़न मामले पर दी सफाई टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने निर्माता संजय कोहली के खिलाफ दर्ज पुराने यौन उत्पीड़न मामले को लेकर उठे विवादों के बीच अपना पक्ष रखा है। हाल ही में उनके कुछ बयानों के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है और ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बीच शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि लोगों को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले एफआईआर में दर्ज तथ्यों को पढ़ना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी शिकायत में साफ तौर पर जबरन शारीरिक संपर्क की कोशिश का उल्लेख किया गया था। शिल्पा ने कहा कि उनके साथ हुई घटना और मानसिक प्रताड़ना पर कोई चर्चा नहीं कर रहा जबकि केवल दूसरे पक्ष को हुए नुकसान की बात की जा रही है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और कई लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।