रणवीर सिंह ने FWICE को भेजा लीगल नोटिस बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE के बीच विवाद अब कानूनी मोड़ लेता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह ने 2 जून को FWICE को लीगल नोटिस भेजा है। हालांकि नोटिस में क्या मांगें रखी गई हैं इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। गौरतलब है कि 25 मई को FWICE ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन आदेश जारी करते हुए अपने सदस्यों से उनके किसी भी प्रोजेक्ट में काम न करने की अपील की थी। यह विवाद फिल्म डॉन 3 से रणवीर के बाहर होने के बाद शुरू हुआ जिसमें मेकर्स ने कथित तौर पर 45 करोड़ रुपए के नुकसान का दावा किया है। कंगना रनोट ने किया रणवीर सिंह का समर्थन डॉन 3 विवाद के बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट रणवीर सिंह के समर्थन में सामने आई हैं। अपनी आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना ने कहा कि सफलता और हैसियत बढ़ने के साथ विरोधी भी बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी अपने करियर में कई बार बैन का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कंगना ने संकेत दिया कि ऐसे विवाद कलाकारों के करियर का हिस्सा होते हैं और उनसे घबराने की जरूरत नहीं है। रामचरण के हमशक्ल फैन ने स्टेज पर मचाई हलचल फिल्म पेद्दी के प्रमोशन के दौरान विजयवाड़ा में एक दिलचस्प और चौंकाने वाली घटना सामने आई। कार्यक्रम के दौरान रामचरण जैसा दिखने वाला एक फैन अचानक उनकी ओर दौड़ पड़ा। इस अप्रत्याशित घटना से मंच पर मौजूद अभिनेत्री जान्हवी कपूर घबरा गईं। हालांकि रामचरण के पर्सनल बॉडीगार्ड और एमएमए फाइटर केविन कुंटा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फैन को रोक लिया और उसे मंच से बाहर ले गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। काला हिरण फिल्म विवाद पर निर्माता अमित जानी का जवाब फिल्म काला हिरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच निर्माता अमित जानी ने सलमान खान की लीगल टीम द्वारा भेजे गए नोटिस पर प्रतिक्रिया दी है। अमित जानी ने कहा कि उनकी फिल्म सलमान खान की बायोपिक नहीं है और न ही पूरी कहानी उनके दृष्टिकोण पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस भेजकर फिल्म की रिलीज और 20 जून को प्रस्तावित टीजर लॉन्च को रोकने का दबाव बनाया जा रहा है। जानी का कहना है कि फिल्म मुख्य रूप से बिश्नोई समाज की पृष्ठभूमि पर आधारित है। महिला सशक्तिकरण की पहल में शामिल हुईं भूमि पेडनेकर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भामला फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई पिंक ई-रिक्शा सहायता पहल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने खुद ई-रिक्शा चलाकर इस अभियान की शुरुआत की जबकि अभिनेत्री भूमि पेडनेकर उसमें सवार नजर आईं। भूमि ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ पर्यावरण संरक्षण ही नहीं बल्कि महिलाओं की सुरक्षा आर्थिक स्वतंत्रता और सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिला ड्राइवरों को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।