‘रफ्तार’ की नई रिलीज डेट का ऐलान रफ्तार को लेकर राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा लगातार चर्चा में हैं। पहले यह फिल्म जुलाई में रिलीज होने वाली थी लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 16 अक्टूबर 2026 तय की गई है। फिल्म दशहरा वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी जिससे बॉक्स ऑफिस पर बड़े प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। राजकुमार राव और पत्रलेखा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि ‘रफ्तार’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक खास सपना है। उनके इस पोस्ट ने फैंस का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींचा है। कुमार सानू का रॉयल अल्बर्ट हॉल में लाइव कॉन्सर्ट कुमार सानू एक बार फिर अपने फैंस के लिए खास म्यूजिकल तोहफा लेकर आ रहे हैं। वह रॉयल अल्बर्ट हॉल में लाइव सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। इस खास कार्यक्रम में उनकी बेटी शैनन के. भी उनके साथ स्टेज साझा करेंगी। कॉन्सर्ट में हिंदी और अंग्रेजी गीतों का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा। कुमार सानू ने बताया कि शुरुआत में शैनन को केवल दो कॉन्सर्ट में शामिल किया गया था लेकिन दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स के बाद उन्हें पूरे टूर का हिस्सा बना लिया गया। आयोजकों के मुताबिक यह शो 90 के दशक के संगीत प्रेमियों और नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच एक खास पुल का काम करेगा। ‘कॉकटेल 2’ का गाना ‘माशूका’ हुआ वायरल कॉकटेल 2 का नया गाना माशूका रिलीज होते ही सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करने लगा है। इस गाने की सबसे बड़ी खासियत बॉलीवुड और इटालियन संगीत का अनोखा मेल है। मशहूर संगीतकार प्रीतम ने पहली बार इटालियन कलाकार महमूद के साथ काम किया है। गाने को राघव चैतन्य ने अपनी आवाज दी है जबकि महमूद ने इटालियन हिस्सों को गाने के साथ उसके लेखन और संगीत निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई है। रोमांस और शानदार लोकेशन्स से भरपूर यह गीत दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। सूर्या की ‘करुप्पु’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल करुप्पु ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महज आठ दिनों में दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। सूर्या के लिए यह फिल्म बड़े कमबैक के रूप में देखी जा रही है। आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने आठवें दिन भारत में 7.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। अब तक इसका भारत में कुल नेट कलेक्शन 121.65 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200.86 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है जिससे इसकी सफलता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।