सकल दिगंबर जैन समाज श्री जंगल वाले बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में परम पूज्य तपस्वी संत मुनि श्री 108 चिन्मय सागर जी महाराज जंगल वाले बाबा के समाधि मंदिर का भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव 8 एवं 9 मई 2026 को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में परम पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज सहित तीन अन्य मुनि महाराजों का सानिध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम में विधान पूजा संस्कार सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न होंगे। महोत्सव का संचालन प्रतिष्ठाचार्य भरत भैया जी (इंदौर) एवं प्रतिष्ठा आचार्य पंडित संदेश कुमार जैन के मार्गदर्शन में किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं त्यागी एवं ब्रह्मचारियों के लिए शुद्ध आहार की अलग से व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।