सरदार पटेल कॉलेज का फर्जीवाड़ा आया सामने नर्स बनने का सपना अधूरा अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्यवाही तीन ट्रैक्टर ट्राली जब्त गायखुरी के भगवान सहस्त्रबाहु मंदिर से अज्ञात चोरों ने की तीन मुकुट चोरी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर चुकी 47 छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। अलग-अलग जिलों से आई इन छात्राओं ने करीब साढ़े चार वर्षों तक मेहनत कर नर्सिंग की डिग्री हासिल की। परिवारों ने आर्थिक तंगी के बावजूद बेटियों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया जमीन गिरवी रखी और लाखों रुपये खर्च किए। स्थानीय सर्किट हाउस में 15-20 छात्राओं ने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की। उनका कहना है कि पढ़ाई पूरी होने के बाद अब नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है क्योंकि ऑनलाइन पोर्टल पर उनकी यूनिवर्सिटी का नाम ही उपलब्ध नहीं है। रजिस्ट्रेशन के अभाव में छात्राएं सरकारी और निजी अस्पतालों में नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहीं। छात्राओं ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए अपने भविष्य को सुरक्षित करने की गुहार लगाई है। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लांजी थाना क्षेत्र की सुलसुली चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पौसेरा स्थित सोन नदी घाट पर छापा मारा। यहां से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया गया। मौके से रेत निकालने में उपयोग किए जा रहे फावड़े और तसले भी पुलिस ने बरामद किए हैं इस कार्रवाई में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ धारा 303(2) 3(5) बीएनएस और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण को जांच में लेते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने अवैध खनन पर सख्ती जारी रखने की बात कही है। नगरीय क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 स्थित गायखुरी वैनगंगा नदी तट पर बने भगवान सहस्त्रबाहु मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर तीन चांदी के मुकुट चुरा लिए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर समिति के पदाधिकारी राकेश दौने के अनुसार बुधवार सुबह 10 बजे तक मंदिर सुरक्षित था और सभी मुकुट अपनी जगह पर थे। लेकिन शाम करीब 5 बजे जब मंदिर खोला गया तो ताला टूटा मिला और गेट के पास लोहे की सरिया पड़ी थी। मंदिर के अंदर से भगवान सहस्त्रबाहु की बड़ी व छोटी मूर्ति तथा भगवान दत्तात्रेय के चांदी के मुकुट गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आम आदमी पार्टी ने बुधवार 29 अप्रैल को शहर मुख्यालय स्थित कालीपुतली चौक पर भाजपा में शामिल हुए अपने सात राज्यसभा सांसदों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इन नेताओं का पुतला दहन करते हुए उन्हें “दागी” और “दल-बदलू” बताया तथा जमकर नारेबाजी की। पार्टी का आरोप है कि इन सांसदों ने ईडी और सीबीआई की जांच से बचने के लिए भाजपा का दामन थामा है। जिन नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन हुआ उनमें राघव चड्डा संदीप कुमार पाठक हरभजन सिंह अशोक कुमार मित्तल विक्रमजीत सिंह साहनी स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता शामिल हैं। जिलाध्यक्ष शिव जायसवाल ने इसे राजनीतिक विश्वासघात बताते हुए कहा कि भाजपा ने “ऑपरेशन लोटस” के तहत सांसदों को खरीद लिया जो जनता के भरोसे के साथ धोखा है। बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र के कंसूली गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमाओं को असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल ने 29 अप्रैल को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। सेवादल अध्यक्ष जीतू बर्वे ने बताया कि 23 अप्रैल को हुई इस घटना से क्षेत्र में लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की हरकतें जिले में शांति और सामाजिक समरसता को बिगाड़ने की साजिश हैं। कांग्रेस सेवादल ने प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और क्षेत्र में शांति बनी रहे।