Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
10-Apr-2026

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता नंद कुमार साय के बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा से इस पर स्पष्ट रुख बताने की मांग की है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि साय के आदिवासियों से पांच बच्चे पैदा करने और जनगणना में “आदिवासी” धर्म लिखने के बयान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना पर संदेह जताकर साय ने “डबल इंजन सरकार” पर ही सवाल खड़े किए हैं। रायपुर में एक बैठक के दौरान नंद कुमार साय ने आदिवासी समाज से जनसंख्या बढ़ाने और जनगणना के दौरान सतर्क रहने की अपील की थी। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे साय का व्यक्तिगत विचार बताया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने “ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर्स मीट 2026” कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर सीएम साय ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि देशभर के मेडिकल विश्वविद्यालयों के कुलपति इस सम्मेलन में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी और इसकी रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। सीएम ने कहा कि इस सम्मेलन के आधार पर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी जिसका सकारात्मक प्रभाव देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ेगा और लोगों को इसका लाभ मिलेगा। रायपुर जिले के कुम्हारी में खारुन नदी किनारे शराब विवाद में जीजा ने अपने साले की हत्या कर दी। मृतक की पहचान घनश्याम यादव (30) और आरोपी गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा (45) के रूप में हुई है। दोनों ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद नदी किनारे आरोपी ने घनश्याम को धक्का देकर बेहोश कर दिया और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंबिकापुर में हुए दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर सरगुजा आईजी ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घटना के बाद आरोपी फरार था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान वायरल फोटो के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। चिरमिरी में जिला अस्पताल के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अंबिकापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है जो आगे की कार्रवाई कर रही है। गरियाबंद के सिकासार जलाशय को महासमुंद के कोडार जलाशय से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने 3400 करोड़ रुपये की नहर लिंक परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह प्रदेश की पहली ऐसी योजना होगी जिसमें स्टील के अंडरग्राउंड पाइप के जरिए दो जलाशयों को जोड़ा जाएगा। करीब 88 किमी लंबी इस परियोजना से 178 गांवों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिलेगी। साथ ही वाष्पीकरण से होने वाली करीब 25% (31 एमसीएम) पानी की बचत होगी। इससे कोडार के साथ केशवा जलाशय और लगभग 15 हजार हेक्टेयर नए रकबे को सिंचाई का लाभ मिलेगा। मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है और 2029 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं कांग्रेस ने इस योजना को गरियाबंद के किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया है जबकि सत्ता पक्ष इसे दूरदर्शी और सिंचाई क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बता रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 60 वर्षों के जलभराव रिकॉर्ड के आधार पर अतिरिक्त पानी के बेहतर उपयोग के लिए यह योजना तैयार की गई है।