1. सलीम खान की सेहत में सुधार जल्द मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान की सेहत में अब तेजी से सुधार हो रहा है। 88 वर्षीय सलीम खान पिछले 21 दिनों से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ब्रेन हैमरेज के बाद उन्हें कुछ समय के लिए ICU और वेंटिलेटर पर रखा गया था लेकिन अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर इसी तरह सुधार जारी रहा तो उन्हें अगले 3 से 4 दिनों में अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है। इस दौरान शाहरुख खान आमिर खान समेत खान परिवार के कई सदस्य अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेते रहे हैं। 2. यूट्यूबर अनुराग डोभाल को पिता ने संपत्ति से बेदखल किया पॉपुलर यूट्यूबर और ‘UK07 राइडर’ के नाम से मशहूर अनुराग डोभाल इस समय अस्पताल के ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने लाइव आकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनके कूल्हे की दोनों हड्डियां टूट गईं। इसी बीच उनके पिता ने बड़ा फैसला लेते हुए अनुराग और उनकी पत्नी रितिका चौहान को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। पिता ने अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कर सार्वजनिक रूप से बेटे और बहू से सभी संबंध खत्म करने की घोषणा भी की है। बताया जा रहा है कि अनुराग ने परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। 3. कॉन्सर्ट में रो पड़ीं सिंगर सुनिधि चौहान मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान अपने ‘आई एम होम इंडिया टूर 2025-26’ के दौरान लखनऊ में हुए एक कॉन्सर्ट में भावुक हो गईं। गले में गंभीर खराश और तबीयत खराब होने के बावजूद वे स्टेज पर परफॉर्म करने पहुंची थीं लेकिन आवाज ठीक से साथ नहीं देने के कारण वे गाते-गाते रुक गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए। इसके बाद उन्होंने हजारों की भीड़ के सामने फैंस से माफी भी मांगी और कहा कि वे हमेशा 100 प्रतिशत देने की कोशिश करती हैं। 7 मार्च को कूलब्रीज रिसॉर्ट्स में हुए इस कॉन्सर्ट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें फैंस उन्हें लगातार चीयर करते नजर आ रहे हैं। 4. आमिर खान ने ‘लाहौर 1947’ का टाइटल बदलने से किया इनकार फिल्म ‘लाहौर 1947’ के नाम बदलने की खबरों पर अब अभिनेता और निर्माता आमिर खान ने स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि फिल्म का टाइटल नहीं बदला गया है और इसका नाम ‘लाहौर 1947’ ही रहेगा। हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि फिल्म का नाम बदलकर ‘बंटवारा 1947’ रखा जा सकता है। बताया जा रहा था कि मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए नाम बदलने पर विचार किया गया है। हालांकि आमिर खान ने इन सभी खबरों को गलत बताते हुए कहा कि फिल्म के टाइटल में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। 5. अनुपम खेर ने निभाई दोस्ती सतीश कौशिक की बेटी के स्कूल फंक्शन में पहुंचे दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक के निधन के बाद उनके परिवार के साथ खड़े रहने का वादा निभाते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने एक बार फिर सच्ची दोस्ती की मिसाल पेश की है। हाल ही में वे सतीश कौशिक की बेटी वंशिका के स्कूल फंक्शन में पेरेंट बनकर पहुंचे और उसकी स्टेज परफॉर्मेंस देखी। इस खास पल को अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर भी साझा किया और कहा कि यह उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है। उनके इस भावुक कदम की सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना हो रही है।