Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
23-Oct-2024

केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की परंपरागत बुधनी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भाजपा ने रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन भाजपा में ही उनका विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को बुधनी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सह प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत भेरूंदा पहुंचे थे। यहां उन्हें कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें रमाकांत भार्गव जैसा प्रत्याशी मंजूर नहीं है। संगठन ने अपना निर्णय नहीं बदला तो फिर कार्यकर्ता परिणाम बदलने की ताकत भी रखता है। कार्यकर्ताओं ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी बनाने की मांग की है। दरअसल बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशी रमाकांत भार्गव से असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने भैरूंदा में एक बैठक रखी थी। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत यहां पहुंचे थे। वे सभी को संबोधित कर रहे थे। तभी कार्यकर्ताओं ने उनके सामने कहा कि प्रदेश और केंद्रीय संगठन ने कार्यकर्ता और जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार हमें कतई मंजूर नहीं है। संगठन को अपना फैसला बदलना होगा। संगठन ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी नहीं बनाया तो चुनाव में इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।