Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
05-Jul-2024

खुलने वाला है जगन्नाथ पुरी मंदिर का खजाना? ओडिशा में हाल ही में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जगन्नाथ पुरी मंदिर के रत्न भंडार को लेकर काफी आरोप प्रत्यारोप हुए थे। हालांकि माना जा रहा है कि रत्न भंडार जल्द ही खुल सकता है। ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को दोबारा खोलने की प्रक्रिया की निगरानी करने के लिए एक नयी उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। ओडिशा की मोहन माझी सरकार द्वारा नयी समिति का गठन इसलिए किया गया है ताकि जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में रखी कीमती वस्तुओं की सूची तैयार की जा सके। अमृतपाल सिंह और राशिद को आज दिलाई जाएगी शपथ पंजाब के खंडूर साहिब से निर्वाचित लोकसभा सदस्य अमृतपाल सिंह आज शपथ लेने वाला है। अमृतपाल सिंह को शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चैंबर में दिलाई जाएगी। बारामुला लोकसभा सीट से चुने गए सांसद शेख अब्दुल राशिद को भी शुक्रवार को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। राशिद फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है। खालीस्तानी अलगाववादी नेता अमृतपाल सिंह असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। राशिद पर आतंकियों को फंडिंग करने का आरोप है। इसी मामले में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। राहुल गांधी ने हाथरस हादसे के पीड़ितों से की मुलाकात यूपी के हाथरस जिले में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ के बाद 121 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद देश भर के नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज हाथरस दौरे पर हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भगदड़ प्रभावित हाथरस के लिए रवाना हो गए हैं। हाथरस में वह भगदड़ से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे जिसमें 121 लोगों की जान चली गई थी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए सरकार ने मुआवजे का भी ऐलान किया है। असम में बाढ़ से बिगड़े हालात 21 लाख से अधिक लोग प्रभावित असम में बाढ़ से लगातार बिगड़ते हालात के बीच बृहस्पतिवार को छह और लोगों की मौत हो गयी। राज्य में बाढ़ से 29 जिलों के 21 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक राज्य की बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार जान गंवाने वाले छह लोगों में से चार लोग गोलाघाट के रहने वाले थे जबकि डिब्रूगढ़ और चराईदेव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। इस वर्ष बाढ़ भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62 हो गई है। भारी संख्या में बाबा बर्फानी के दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पिछले 5 दिनों में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान अमरनाथ के दर्शन किए। इतनी संख्या में बाबा बर्फानी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने इतिहास रच दिया। बता दें कि प्रतिदिन लगभग 20 हजार से ज्यादा लोग पवित्र गुफा के दर्शन कर रहे हैं। पिछले साल तीर्थ यात्रा के दसवें दिन तीर्थयात्रियों की संख्या एक लाख पहुंच चुकी थी। इस साल यह संख्या बढ़ गई है। अमरनाथ यात्रा के शुरू होने के सिर्फ 5 ही दिनों में कुल 105282 श्रद्धालुओं ने बाबा अमरनाथ के दर्शन किए। अग्निवीर को लेकर राहुल गांधी के आरोप पर आया सेना का बयान अग्निवीर पर बयान देकर राहुल गांधी विवाद में पड़ गए हैं। भारतीय सेना ने राहुल गांधी के आरोप का खंडन किया है। राहुल गांधी ने यह आरोप लगाया था कि शहीद अग्निवीर अजय सिंह के परिवार को कोई मुआवजा नहीं मिला है। सरकार अग्विनीर योजना को लेकर गलतबयानी कर रही है। भारतीय सेना ने इस संबंध में बयान जारी कर बताया कि शहीद अग्निवीर के परिवार को करीब एक करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसके अलावा अभी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद करीब 67 लाख रुपये और दिए जाएंगे। जयशंकर ने परोक्ष रूप से कर दी पाकिस्तान की धुलाई भारत ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उन देशों को ‘अलग-थलग करने’ और ‘बेनकाब’ करने को कहा जो आतंकवादियों को प्रश्रय देते हैं उन्हें सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराते हैं और आतंकवाद को नजरअंदाज करते हैं। भारत ने चीन और पाकिस्तान पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर आतंकवाद को बेलगाम छोड़ दिया गया तो यह क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। ऋषि सुनक की विदाई लगभग तय Exit Poll में लेबर पार्टी को भारी बहुमत यूनाइडेट किंगडम में आम चुनाव हो चुके हैं और जल्द ही चुनाव के परिणाम भी सामने आ जाएंगे। हालांकि परिणाम से पहले आए एग्जिट पोल साफ तौर पर ये बता रहे हैं कि देश की सत्ता से कंजर्वेटिव पार्टी और ऋषि सुनक की विदाई लगभग तय है। एक बड़े एग्जिट पोल की मानें तो सेंटर-लेफ्ट लेबर पार्टी यूके चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने जा रही है। अगर चुनाव परिणाम यही रहते हैं तो यूके में 14 सालों बाद सत्ता में लेबर पार्टी की वापसी होगी। शेयर बाजार में गिरावट सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटा घरेलू शेयर बाजार में कारोबार सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स ने नकारात्मक नोट पर शुरुआत की। एनएसई निफ्टी 50 88.80 अंक की गिरावट के साथ 24213.35 पर खुला बीएसई सेंसेक्स 270.69 अंक की गिरावट के साथ 79778.98 पर खुला। व्यापक सूचकांक हरे निशान में खुले। बैंक निफ्टी इंडेक्स 543.60 अंक की गिरावट के साथ 52560.10 पर खुला। सेंसेक्स 514.5 अंक टूटकर 79535.17 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी भी 123.6 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 24178.55 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। T20 वर्ल्ड कप की जीत का भारत में जमकर जश्न टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद भारतीय प्लेयर्स स्पेशल फ्लाइट से भारत पहुंचे और इसके बाद प्लेयर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। शाम में प्लेयर्स ने मुंबई में विक्ट्री परेड की और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैंस के साथ वर्ल्ड कप की जीत का जश्न मनाया। प्लेयर्स ने ग्राउंड का एक चक्कर भी लगाया। विश्व विजेता टीम को 125 करोड़ रुपये के चेक से सम्मानित भी किया गया है।