Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
30-Sep-2023

#indiannavy #airshow #bhopalnews भारतीय वायुसेना ने 91वें स्थापना दिवस पर शनिवार को राजधानी भोपाल में शौर्य दिखाया। बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब पर यह किसी वाटर बॉडी के ऊपर देश का सबसे बड़ा एयर-शो था। इसमें गजराज फॉर्मेशन में रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट IL-78 ने दो M-2000 विमानों में हवा में फ्यूल भरा। दो चिनूक हेलिकॉप्टर्स ने बड़े तालाब पर पानी से कुछ फीट ही ऊपर पोजिशन होल्ड की। इसी पोजिशन में हेलिकॉप्टर ने राउंड लिए। तेजस ने टॉप स्पीड में हवा में गोते लगाए। इनके गर्जन से आकाश गूंज उठा। 9 सूर्य किरण विमानों ने 6000 फीट की ऊंचाई पर डायमंड शेप बनाया। भोजेश्वर महादेव के सम्मान में एयरक्राफ्ट्स ने प्रदर्शन कर आसमान में त्रिशूल का आकार बनाया। इस रोमांच का साक्षी बनने के लिए VIP रोड वन विहार से लेकर राजा भोज सेतु तक दर्शकों की भारी भीड़ रही। घरों और होटलों की छतों से लोगों ने शो देखा। एयर शो में सबसे पहले MI-17 V-5 हेलिकॉप्टर्स से आकाश गंगा टीम के 10 सदस्यों ने 8000 फीट की ऊंचाई से बड़े तालाब में पैराशूट से स्काई डाइविंग की। मनुआभान टेकरी से दो चिनूक हेलिकॉप्टर्स के उड़ान भरने के बाद ध्वज फॉर्मेशन में 4 चेतक हेलिकॉप्टर्स उड़े। इस बीच सुबह 10.17 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ एयर-शो देखने पहुंचे। पृथ्वी फॉर्मेशन में C-130J सुपर हर्कुलस AN-32 विमानों ने भी करतब दिखाए। 5 जगुआर एयरक्राफ्ट्स ने शमशीर फॉर्मेशन बनाया तो सारंग टीम के 4 HAL ध्रुव हेलिकॉप्टर्स ने हवा में दिल का शेप बनाया।