बाणसागर नहर फूटी रीवा-सीधी के बीच बनी वर्ल्ड क्लास टनल में भरा पानी सीधी में बाणसागर नहर फूट गई। गुरुवार देर रात रीवा-सीधी के बीच बनी वर्ल्ड क्लास टनल में नहर का पानी भर गया। नेशनल हाईवे 39 पर 2 घंटे यातायात बंद रहा। रात में ही नहर का पानी बंद कराया गया। शुक्रवार सुबह पानी निकल जाने के बाद टनल को फिर से चालू कर दिया गया है। टनल का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 10 दिसंबर 2022 को किया था। MP में बना दुनिया की सबसे लंबी राखी का रिकॉर्ड मध्यप्रदेश के भिंड में 1100 फीट लंबी राखी बांधने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। यह राखी मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा नेता की कलाई पर बांधी गई। इसे दिल्ली और ग्वालियर के कलाकारों ने 15 दिन में करीब 7 लाख रुपए की लागत से बनाया। इस अनोखी राखी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के साथ ही ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने दुनिया की सबसे बड़ी राखी का सर्टिफिकेट दिया है। करणी सेना के जिलाअध्यक्ष की पिस्टल चोरी: इंदौर के लसूड़िया इलाके में करणी सेना के जिला अध्यक्ष की कार से गुरुवार रात पिस्टल चोरी हो गई। वह दोस्त के साथ रात को होटल में डिनर करने पहुंचे थे। इस दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार को यहां होटल के फुटेज चेक किये जाएंगे। 727 करोड़ के हमीदिया अस्पताल की हकीकत हमीदिया अस्पताल की नई बिल्डिंग 727 करोड़ की लागत से बन तो गई मगर अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यहां टूटी व्हील चेयर के सहारे मरीजों को ले जाना पड़ रहा है। कई बार तो ऐसा मंजर देखने को मिला कि तीन-तीन लोग मिलकर व्हील चेयर में मरीजों को ले जाते हैं। इमरजेंसी वार्ड के मरीज और उनके परिजनों तक को परेशानी उठानी पड़ती है। MP में पटवारियों के हड़ताल पर जाने से काम अटके मध्यप्रदेश के करीब 19 हजार पटवारी इन दिनों हड़ताल पर है। इससे जनता से जुड़े कई काम अटक गए हैं। गुरुवार को भोपाल में कलेक्ट्रेट के बाहर पटवारियों ने धरना प्रदर्शन किया। वहीं मंदसौर में मुंडन कराया। उनकी मुख्य मांग ग्रेड-पे बढ़ाने की है प्रदेश में पटवारियों के हड़ताल पर जाने से नामांतरण और जाति प्रमाण पत्र जैसे 7 महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो पा रहे हैं