आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा में रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में शिवपुरी जिला मुख्यालय पर सात विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया। संवाद कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आए हुए थे। संवाद कार्यक्रम के जरिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से बतियाना था उनकी बात सुननी थी लेकिन संवाद कार्यक्रम के दौरान देखने में आया कि संवाद की जगह सीधा भाषण हो गया। इस संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेताओं को आमंत्रित किया गया था। संवाद कार्यक्रम के दौरान शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने पहले कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। इसके बाद सीधे केंद्रीय कृषि मंत्री को बोलने के लिए आमंत्रित कर दिया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने यहां पर भाजपा की डबल इंजन की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र किया।