बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार को लेकर नागपुर से शुरू हुआ विवाद हर रोज नए मोड़ ले रहा है। नागपुर की अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री को चुनौती दी तो भाजपा नेता उनके समर्थन में आ गए। अब कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री ने धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए विवाद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की साजिश बताया है। वहीं मप्र सरकार में मंत्री उषा ठाकुर ने धीरेंद्र शास्त्री के विरोधियों को देशद्रोही बताया है। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूल में अब गीता और रामायण भी पढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की। CM भोपाल में विद्या भारती के कार्यक्रम सुघोष दर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा हम सरकारी स्कूलों में हमारे धर्म ग्रंथों की शिक्षा देंगे। गीता का सार रामायण रामसेतु और महाभारत के प्रसंग पढ़ाएंगे। ऐसे लोग जो महापुरुषों का अपमान करते हैं उनको सहन नहीं किया जाएगा। मध्यप्रदेश में इन ग्रंथों की शिक्षा देकर हम बच्चों को नैतिक शिक्षादेंगे। मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड से राहत है। ग्वालियर और दतिया को छोड़ प्रदेश के सभी शहरों में रविवार रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर रहा है। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 8.8 दतिया में 9.8 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा रात का तापमान नर्मदापुरम में 17 डिग्री रहा। मध्यप्रदेश के 70 हजार से ज्यादा बिजलीकर्मी यूनाइटेड फोरम फॉर पावर इंप्लाइज एवं इंजीनियर्स के बैनरतले मंगलवार से आंदोलन शुरू कर सकते हैं। वे सभी कार्यों का बहिष्कार करेंगे। आंदोलन से पहले सोमवार को सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत की जाएगी। संगठन ने आउटसोर्स बिजलीकर्मियों की हड़ताल का भी समर्थन किया है।