MP में बीच सड़क पत्नी की पिटाई रतलाम में एक युवक ने पत्नी को बीच सड़क पर जमकर पीटा। उसे लगातार कई थप्पड़ मारे और पेट में लात मारकर गिरा दिया, इसके बाद भी दिल नहीं भरा तो फिर गर्दन पकड़कर धक्का दे दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति दूसरी शादी की तैयारी में है। इसी बात को लेकर वो शुक्रवार रात उससे बात करने ससुराल पहुंची थी। जिससे नाराज पति ने बड़ी बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। मां ने 3 साल के बेटे को मार डाला मां अपने बच्चे के लिए दुनिया से लड़ जाती है, लेकिन उसे आंच तक नहीं आने देती, लेकिन एक महिला ने अपने ही कलेजे के टुकड़े का कत्ल कर दिया। गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। दिल दिहला देने वाला ये मामला हरदा जिले का है। उज्जैन बाल सुधारगृह से 6 बाल कैदी भागे उज्जैन के मालनवासा स्थित बाल सुधार गृह से 6 नाबालिग आरोपी भाग गए। घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। आरोपियों ने चौकीदार और गार्ड की आंखों में मिर्च झोंकी। इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर दिया। उनकी जेब से गेट की चाभी निकाली और भाग गए। इन पर हत्या, रेप और रंगदारी के आरोप थे। सभी लड़के देवास के रहने वाले थे। दुल्हन करती रही इंतजार, हादसे में दूल्हे की मौत: मध्यप्रदेश के धार में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। कुछ घंटे बाद उसकी शादी होने वाली थी। दुल्हन पक्ष बारात आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उनके पास एक्सीडेंट की सूचना पहुंची। हादसा धार के फुलगांवड़ी गांव के पास हुआ, जहां दूल्हे की कार डिवाइडर से टक्कर के बाद उछलकर खेत में पलट गई। यहां से घायल दूल्हे को इंदौर रेफर किया गया। लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। MP में सबसे गर्म रहा खरगोन, पारा 34 डिग्री मध्यप्रदेश में शनिवार को मिलाजुला मौसम रहा। कई इलाकों में पारा लुढ़कने से ठंडक रही, तो कई इलाकों में यह ऊपर चढ़ा और गर्मी बढ़ गई। सबसे ज्यादा तापमान खरगोन में 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, तो सबसे कम मंडला में 23 डिग्री रहा। भोपाल और इंदौर में पारा चढ़ा, ग्वालियर और जबलपुर में लुढ़क गया है। भोपाल यह करीब डेढ़ डिग्री चढ़कर 30 के पार तो इंदौर में 2 डिग्री चढ़कर 31 के पार पहुंच गया।