Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
15-Feb-2022

आदर्श गौशाला के रूप में तैयार की गई भाऊखेड़ी की कन्हैया गौशाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महिलाओं को स्व-सहायता समूह के माध्यम से सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं। महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही हैं और प्रदेश तथा देश के विकास में योगदान दे रही हैं। यह बात इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने कन्हैया गौशाला तथा मनरेगा अजीविका एकीकृत पार्क के लोकार्पण अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि सामूहिक विकास में ही सबका विकास है, पूरे गांव का विकास है। हम सभी को प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी रचनात्मक गतिविधियों से उत्कृष्ट कार्य किए हैं, जो सभी के लिए अनुकरणीय है। विधायक वर्मा ने खेती में रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग के नुकसान बताते हुए सभी से जैविक खेती करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि गौशाला के सफलतापूर्वक संचालन के लिए आय का स्त्रोत भी स्थाई होना चाहिए। इस गौशाला की 28 एकड़ भूमि पर बागवानी, मत्स्य पालन, औषधीय खेती तथा उद्यानिकी से होने वाली आय से न केवल गौशाला का सफलतापूर्वक संचालन होगा, बल्कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आमदानी का एक स्थाई जरिया बनेगा। विधायक वर्मा ने कहा कि यह गौशाला प्रदेश में एक मॉडल के रूप में तैयार की गई है, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी बधाई के पात्र हैं। विधायक करण सिंह वर्मा ने पौधारोपण भी किया।