नेपाल से शादी के लिए भोपाल आई दुल्हन संक्रमित राजधानी में कोरोना संक्रमण दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा है। सबसे ज्यादा केस कोलार क्षेत्र से मिल रहे हैं। 24 घंटे में 572 नए मरीजों में सबसे ज्यादा कोलार में 214 मिले हैं। यहां नेपाल से शादी करने भोपाल आई एक दुल्हन पॉजिटिव आई है। उसे आइसोलेट कर दिया है। अब शादी अटक गई है। यह दूसरी बार है, जब उसकी शादी कोरोना की वजह से अटकी है। वहीं, एक 8 माह की बच्ची भी पॉजिटिव मिली है। भाजपा नेता फैला रहा 'संक्रमण' कोरोना को लेकर नेता ही किस तरह लापरवाही बरत रहे हैं, इसकी नजीर खंडवा में देखने को मिली। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष के परिवार में पत्नी और उनके पिता कोरोना संक्रमित हैं। वे होम आइसोलेट हैं। बावजूद, उन्होंने बुधवार को युवा दिवस के कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने वन मंत्री विजय शाह, कलेक्टर और दूसरी नेताओं के साथ मंच साझा किया। मंच पर उन्होंने मास्क भी नहीं लगा रखा था। नहीं रहे मध्यप्रदेश की पहली विधानसभा के सदस्य मध्यप्रदेश की पहली विधानसभा के सदस्य रहे 103 साल के लक्ष्मी नारायण गुप्ता 'नन्ना जी' का बुधवार काे निधन हाे गया। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। नन्ना जी का शव झांसी से शिवपुरी के पिछोर लाया जाएगा। उनका गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जबलपुर में मिला कटा हुआ सिर, धड़ तलाश रही पुलिस जबलपुर में कटा हुआ सिर मिला है। पनागर पुलिस के मुताबिक युवक का अभी धड़ नहीं मिला है। सिर मिलने के बाद से पुलिस धड़ की तलाश में जुटी है। मौके पर डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया है। रायसेन में रोजगार दिवस का आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस पर रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम का स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी और सिलवानी विधायक रामपाल सिंह ने कन्या पूजन और दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्पित है। इस लिए प्रदेश में तेजी से अधोसंरचना के काम के साथ-साथ रोजगार के नवीन अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।