सीएम शिवराज ने ली कोरोना की समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को समीक्षा बैठक में कहा है कि प्रदेश में फिलहाल पाबंदियां नहीं बढ़ाई जाएंगी। बच्चों के स्कूल बंद होंगे या नहीं, इसका फैसला भी दो-तीन दिन के लिए टाल दिया गया है। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल कोरोना के जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उस हिसाब से सख्त कदम उठाने की जरूरत नहीं है। मास्क लगाने को लेकर सख्ती बढ़ाई जाए। RSS रजिस्टर्ड संस्था नहीं -दिग्विजय सिंह इंदौर में युवा कांग्रेस के सिंहनाद कार्यक्रम में पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने RSS पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- संघ रजिस्टर्ड संस्था नहीं है। इसकी कोई सदस्यता नहीं है, कोई अकाउंट नहीं है। संघ का कार्यकर्ता आपराधिक प्रवृत्ति में पकड़ा जाता है, तो वह कहते हैं कि हमारा सदस्य ही नहीं है। जबलपुर में आदिवासी दंपती की जलाकर हत्या जबलपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बरगी के चौरई गांव में आदिवासी दंपती को जलाकर मार डाला गया। दोनों के शव खेत में बने मकान में मिले। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम पहुंच गई थी। रतलाम के विक्रमगढ़ में धर्मस्थल को लेकर विवाद में पथराव रतलाम के विक्रमगढ़ क्षेत्र में एक धर्मस्थल के बाहर दो पक्षों में विवाद हो गया। पथराव हुआ और आसपास की कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस बल तैनात करना पड़ा। एसडीओपी आलोट के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है। कैटरीना विक्की ने इंदौर में दी शादी की पार्टी बॉलीवुड का न्यू मैरिड कपल विक्की कौशल और कटरीना कैफ इंदौर में हैं। विक्की और सारा अली खान यहां फिल्म लुकाछिपी-2 की शूटिंग कर रहे हैं। राजबाड़ा पर लुकाछिपी-2 के दो शॉट्स फिल्माए गए। कटरीना कैफ शुक्रवार को इंदौर आईं।उन्होंने होटल में फिल्म प्रोडक्शन हाउस और क्रू मेंबर्स को पार्टी दी। होटल पार्क में हुए इस सेलिब्रेशन में केक कटिंग के साथ डांस भी हुआ। 12 से अधिक जिलों में फसलें खराब मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश से लेकर ओले गिरे। इससे सागर समेत 12 से अधिक जिलों में फसलें बर्बाद हो गईं। भिंड में कई मकानों को भी इससे नुकसान पहुंचा है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि बादल छंटने से आधे मध्यप्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ लिया। भोपाल और रायसेन समेत कई इलाकों में अचानक रात का पारा 6 डिग्री से ज्यादा नीचे आ गए। अशोकनगर में बैंककर्मियों पर हमला अशोकनगर जिले के हैदर गांव में रविवार शाम एक निजी बैंक के कर्मचारी पर ग्रामीणों ने हमला किया है। बैंककर्मी बोलेरो से ट्रैक्टर की किस्त लेने गए थे। जैसे ही वे ट्रैक्टर चालू करके लाने लगे तो ग्रामीणों से उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीण आक्रोशित होकर किस्त वसूलने आए लोगों की बोलेरो को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। उन्हें लाठी-डंडों से पीटा।