MP में झकझोर देने वाली तस्वीर दो सगे भाई एक ताबूत और दोनों बहनों को दूसरे ताबूत में रखा बैतूल के पाढर में गुरुवार को डैम में डूबे 4 किशोरों को शुक्रवार को एक साथ दफनाया गया। एक ही कब्रिस्तान में चारों को दो अलग-अलग ताबूत में रखकर अंतिम विदाई दी गई। दोनों भाई निखिल और प्रतीक को एक ही ताबूत में रखा गया। दोनों बहनें आयशा और कशिश को एक ताबूत में रखकर पाढर स्थित ईसाई कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इसके बाद चारों को एक ही कब्र में साथ दफनाया गया। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। लोग यही कहते रहे कि हे प्रभु ऐसी तस्वीर कभी किसी को देखने को नहीं मिले। 10 दिन में 83 केस, पिछले 24 घंटे में 7 नए पॉजिटिव मध्य प्रदेश सहित देश भर में तीसरी लहर की संभावना से इनकार किया जा रहा है। हालांकि देश और प्रदेश सरकार द्वारा लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। मध्यप्रदेश में भी कोरोना (MP Corona) की स्थिति स्थिर बनी हुई है। 18 नवंबर को प्रदेश में 7 नए मामले सामने आए हैं। जिस की जानकारी मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दी है। आजादी वाले बयान पर थम नहीं रहा विवाद देश की आजादी के इतिहास को अदनी सी महिला, जिसकी महात्मा गांधी के आगे क्या हैसियत है। महान आंदोलन को एक शब्द में कलंकित कर रही हो, शर्म आना चाहिए। ये कहती हैं 1947 की आजादी तो भीख में मिली है, असली आजादी 2014 में मिली है। जिसे इतिहास की ABCD नहीं पता। कंगना तुम मोदी के चरण चाट लो... पर हमारे इतिहास काे कलंकित मत करो। ये तीखे शब्द थे पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के, जिन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत के आजादी वाले बयान की निंदा की। हम किसानों को समझाने में असफल रहे - कृषि मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि हम किसानों को समझाने में सफल नहीं हुए, इसलिए पीएम ने क्षमा मांगते हुए वापस लिए हैं। ताकि हमारे किसान भाई संतुष्ट रहे। गोवंश को लेकर सरकार का बड़ा फैसला मध्यप्रदेश में गो-उत्पादों को बेचने अब विशेष व्यवस्था बनाई जाएगी। अलग से मार्केटिंग होगी। साथ ही सरकारी कार्यालयों में गो-फिनायल का उपयोग होगा। गो ग्रास के लिए टैक्स लगाने की भी योजना है। सरकार गो-शालाओं के विकास के लिए जनभागीदारी को भी बढ़ावा देगी। ग्वालियर में मारपीट, तोड़फोड़ ग्वालियर में व्यापारी से मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ का VIDEO सामने आया है। इसमें 6-7 सिरफिरे लड़के एक दुकान के कांच के दरवाजे पर लाठी-डंडे बरसा रहे हैं। दुकान मालिक को बेरहमी से पीट रहे हैं। यह वीडियो डीडी नगर की एक कपड़े व शूज शॉप का है। हमलावर इस बात से नाराज थे कि उनको मुफ्त में कपड़े और जूते नहीं दिए गए। शराब पीने के लिए रुपए मांगे तो वह भी नहीं दिए गए। घटना का VIDEO सामने आने के बाद व्यापारियों में दहशत है। महाकाल के दरबार में मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एन वी रमना शुक्रवार की सुबह महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल हुए। वह सुबह 4 बजे परिवार के साथ मंदिर पहुंच गए थे। आरती के बाद उन्होंने रुद्राभिषेक किया। देश के मुख्य न्यायाधीश के साथ उनकी पत्नी एन शिवमाला भी थीं। चायनीज चाकू की बिक्री पर रोक जबलपुर में अब चायनीज चाकू की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने भी जबलपुर के पिन कोड के आगे अपनी वेबसाइट पर चायनीज चाकू पर डिलीवरी नहीं का टैग लगा दिया है। बताया जा रहा है कि जबलपुर जिले में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं को लेकर एसपी की ओर से एसपी सिटी रोहित काशवानी ने फ्लिपकार्ट कंपनी को नोटिस जारी करते हुए हिदायत दी थी। कंपनी को नोटिस में हो रहे अपराधों में सह-अभियुक्त बनाने की भी चेतावनी दी थी। MP में अरब सागर के साइक्लोन का असर अरब सागर में बने साइक्लोन के कारण मध्यप्रदेश में दो दिन से बारिश हो रही है। इसके कारण दो दिन से भोपाल में बादल छाए रहे। शुक्रवार रात हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान चंबल समेत 8 जिलों में हल्की से मध्यम तक बारिश हो सकती है। अभी ग्वालियर से लेकर राजस्थान तक एक ट्रफ लाइन बनी है। इससे ही बारिश हो रही है।