सावधान : फिर बढ़ रहा है कोरोना मध्य प्रदेश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में 7 दिनों में कोरोना के 102 नए मरीज मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 60% केस इंदौर और भोपाल के हैं। भोपाल में 38 और इंदौर में 32 संक्रमित मिले हैं। इनमें भोपाल में मिले 12 मरीज नॉन वैक्सीनेटेड हैं। इसके अलावा 2 बच्चे थे, जबकि इंदौर में 30 मरीज वैक्सीनेटेड हैँ। दिवाली पर फोड़ सकेंगे पटाखे दिवाली पर मध्यप्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है। त्योहार पर आप पटाखे फोड़ सकेंगे। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने गुरुवार इस संबंध में सशर्त आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जिस शहर की वायु गुणवत्ता (एयर इंडेक्स क्वालिटी) 101 से 200 के नीचे है, वहां दिवाली पर दो घंटे ग्रीन पटाखे फोड़े जा सकेंगे। इंदौर निगम का क्लर्क निकला करोड़पति आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में नगर निगम इंदौर के क्लर्क के घर पर छापेमारी की। पूरी जानकारी जुटाने के बाद EOW की टीम नगर निगम में लेखा विभाग में पदस्थ क्लर्क राजकुमार सालवी के घर पहुंची। क्लर्क का घर एयरपोर्ट रोड स्थित अंबिकापुरी में है। BJP सांसद पर भड़कीं कांग्रेस प्रत्याशी गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा का रैगांव क्षेत्र में सतना सांसद गणेश सिंह से आमना-सामना हो गया। प्रचार थमने के बाद बाहरी सांसद को क्षेत्र में देख कल्पना तमतमा गईं। उन्होंने सांसद से कहा कि आप उठिए और तत्काल क्षेत्र से बाहर चले जाइए। 30 के बाद आकर आप यहां जलपान कर लेना। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बहस होती रही। इसके बाद सांसद वहां से चले गए।इस मामले में सांसद गणेश सिंह के साथ पीए राहुल सिंह और शैलेंद्र सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। MP में ठंड की शुरुआत मध्यप्रदेश में रात का तापमान अचानक नीचे आ गया है। कई जिलों में सामान्य से 7 डिग्री तक गिर गया। इस समय रात का औसत तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस रहता है। पचमढ़ी और रायसेन में 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, जबकि मंडला में 12 डिग्री। पचमढ़ी, रायसेन और मंडला के बाद भोपाल की रात सबसे ज्यादा सर्द रही। पंचतत्व में विलीन शांति दूत मुरैना जिले के जौरा में गांधी आश्रम में शांति दूत डॉ. एसएन सुब्बाराव पंचतत्व में विलीन हो गए। डॉ. सुब्बाराव को उनके बहनोई ईश्वर जॉइस ने मुखाग्नि दी। इससे पहले उन्हें सलामी दी गई। बेंगलुरू से उनकी भांजी रजनी बहन भी आई थीं। रजनी पिछले 2 साल से सुब्बाराव की सेवा कर रही थीं। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉ. सुब्बाराव को श्रद्धांजलि दी। बस एक्सीडेंट में 2 की मौत, 19 घायल गुरुवार सुबह नासिक से इंदौर आ रही बस मानपुर थानाक्षेत्र के जानापाव कुटी के ब्रिज पर रेलिंग से टकराकर पलट गई। हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई। 8 लोग गंभीर घायल हुए हैं। 11 यात्रियों को मामूली चोट आई है। घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।