MP में प्रेमी को जिंदा जलाया सागर में प्रेमी को जिंदा जला दिया गया, प्रेमिका 50% झुलस गई। लड़के के परिवारवालों का दावा है कि राहुल ने मरने से पहले अस्पताल में बताया कि उसे प्रेमिका के घरवालों ने बांधकर पीटा गया और इसके बाद आग लगा दी। चंचल (प्रेमिका) पास में खड़ी थी, इसलिए वह झुलस गई। उसने उसे नहीं मारा। घटना जिले के नरयावली थानाक्षेत्र के ग्राम सेमरा लहरिया की है। केंद्रीय मंत्री की पत्नी की चप्पल का कीचड़ किया साफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिवस को समर्पण सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। दमोह में शुक्रवार को इस दौरान एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। यहां पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री की पत्नी के चप्पल में कीचड़ क्या लगा, उसे साफ करने के लिए कार्यकर्ता आगे आ गए। मंत्री की पत्नी के पैरों से चप्पल निकाली और कीचड़ धोकर दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। PM के BIRTHDAY पर ऊर्जामंत्री ने की सफाई वैसे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपाई अपने-अपने अंदाज में मना रहे हैं, लेकिन ऊर्जामंत्री ने अपने अनोखे अंदाज में PM का BIRTHDAY मनाया है। ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सुबह कोटेश्वर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ चन्द्र नगर मुक्तिधाम पहुंचे। यहां हाथ में झाडू उठाकर सफाई करने में जुट गए।करीब 1 घंटे तक उन्होंने पूरे परिसर को साफ किया। MP में सिस्टम कमजोर पड़ा मध्यप्रदेश में लगातार एक्टिव मानसून अब कुछ कमजोर हुआ है। अगले दो दिन तक अब अब उमस परेशान करेगी। देर शाम और रात को गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान उज्जैन समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इसके साथ ही शाम तक भोपाल और इंदौर के साथ मालवा निमाड़ और बुंदेलखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। MLA और महिला पार्षद की तू-तू मैं-मैं इंदौर में जलभराव की समस्या की बीच कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला और स्थानीय पार्षद नीता शर्मा के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। महिला पार्षद ने कहा कि आपके हाथ जोड़ती हूं, यहां से चले जाइए। विधायक ने कहा- यह मेरा क्षेत्र है। जनता की समस्या दूर करना हमारा काम है। इस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पार्षद की हूटिंग भी की। भोपाल के केरवा डैम के 2 गेट खुले भोपाल के केरवा डैम से पानी छलक उठा है। फुल टैंक लेवल 1673 फीट आने के बाद दोपहर 12.50 बजे गेट नंबर-5 और दोपहर 1 बजे 2 नंबर का गेट खुल गया। भोपाल का यह पहला डैम है, जिसके इस मानसूनी सीजन में गेट खुले हों। 5 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ाए सीएमओ मंदसौर जिले में शुक्रवार को दो अधिकारियों पर लोकायुक्त की गाज गिरी। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने मंदसौर के नगर परिषद के सीएमओ शोभाराम परमार को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। परमार बिल के भुगतान के लिए किसान से रिश्वत की मांग कर रहे थे।