MP में घूरने की बात पर सरेराह पिटाई मंदसौर के गरोठ में घूरने की बात पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सड़क चाय पीने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार पीछे से आए और युवक पर पीछे से हमला कर दिया। पिटाई की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। MP में फिर उम्मीदों की बारिश बंगाल की खाड़ी में मानसूनी एक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ गई है। भोपाल में भी रिमझिम बारिश और धूप-छांव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। अब अगले 36 घंटे में प्रदेश भर में मानसून की गतिविधियां ज्यादा बढ़ जाएंगी। इससे अगले 4 दिन तक कई इलाकों में अच्छी बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश रहेगी। हाईकोर्ट जज के लिए कौरव की अनुशंसा सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद पर नियुक्ति के लिए जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषेंद्र कौरव के नाम की अनुशंसा की है। कॉलेजियम की 1 सितंबर को हुई बैठक में ये निर्णय किया गया। कौरव वर्तमान में मप्र सरकार के महाधिवक्ता हैं। इस पर अब राष्ट्रपति को आखिरी फैसला करना है। राष्ट्रपति इसी महीने इस पर निर्णय कर सकते हैं। शिवराज की भाजपा पदाधिकारियों को नसीहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार भाजपा मुख्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि अगर होर्डिंग-पोस्टर के चक्कर में रहोगे तो कोई भटे के भाव नहीं पूछेगा। अब स्वागत का दौर समाप्त हो गया है। काम का दौर शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का क्रेडिट लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के प्रचार की जिम्मेदारी संभालें। भोपाल की बदहाल सड़कों पर रैंप वॉक भोपाल में शनिवार को बदहाल सड़कों को लोकर लोगों का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के होशंगाबाद रोड स्थित दानिश नगर में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बारिश के बीच सड़क पर विरोध करने उतर गए। महिलाओं ने सज-धज कर बदहाल सड़क पर रैंप वॉक किया। यहां 'ऐ भाई जरा देख के चलो'... गाने पर एक घंटे तक गड्ढों में रैम्प वॉक का सिलसिला चलता रहा।