मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मंत्रालय में मध्यप्रदेश पर्यटन संचालक मंडल की बैठक में प्रदेश के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के लिए सुनियोजित कार्य-योजना बनाने और पर्यटन को प्रोत्साहित करने वाली एजेंसियों को भी इसमें शामिल करने को कहा है। संचालक मंडल द्वारा बैठक में पर्यटन स्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए कार्य-योजना स्वीकृत की गई। इससे लगभग 50 हजार बालिकाओं और महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री हर्ष यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न सिल्क फेडरेशन के संचालक-मण्डल की बैठक में निर्णय लिया गया कि रेशम उत्पादक किसानों और बुनकरों की बेहतरी के लिये आधुनिक उपकरण स्थापित किये जायेंगे। प्रथम चरण में एक मल्टी एण्ड रिलिंग मशीन स्थापित की जायेगी। आयुक्त रेशम श्री कवीन्द्र कियावत बैठक में शामिल थे। जय किसान फसल ऋण माफी योजना में गुना जिले की राघौगढ़ तहसील में आयोजित कार्यक्रम में 1221 किसानों के 9 करोड़ 7 लाख रूपये के ऋण माफ किये गये। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने किसानों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र वितरित किये। लोक स्वस्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने इंदौर के चोइथराम अस्पताल पहुंचकर धार के मनावर में हुई हिंसा में घायल हुए सांवेर क्षेत्र के किसानों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि के प्रमाण पत्र भेंट किए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यों की राज्य-स्तरीय समीक्षा करते हुए निर्देश दिये हैं कि सभी अधूरे काम 31 मार्च 2020 तक पूर्ण करायें। उन्होंने कहा कि कार्यों में देरी के लिये जिम्मेदार कंसलटेंट और ठेकेदार के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए। स्कूल शिक्षा मंत्री प्रभुराम चौधरी ने रायसेन के जिला चिकित्सालय में आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। डॉ चौधरी ने बताया कि योजना के तहत इलाज की सुविधा राज्य के शासकीय चिकित्सालय एवं चिन्हित निजी चिकित्सालयों में उपलब्ध हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रदुमन सिंह तोमर ने ग्वालियर में तानसेन नगर स्थित मिलन गार्डन में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में आमजन की समस्याएं सुनी। श्री तोमर ने यहां विभागीय अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।