जनसम्पर्क एवं अध्यात्म मंत्री श्री पी.सी. शर्मा राजधानी भोपाल के बद्रीनाथ मंदिर, तुलसी नगर में आयोजित गढ़वाली समाज के सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करना अच्छी पहल है। मंत्रि-परिषद के सदस्य श्री पी.सी.शर्मा, श्री सुरेन्द्र सिंह बघेल और श्री जीतू पटवारी ने राजधानी भोपाल के गोरेगाँव राज्य शूटिंग अकादमी में हॉकी खिलाड़ियों के लिये 19 करोड़ 96 लाख लागत के 2 सिन्थेटिक टर्फ और शूटिंग खिलाड़ियों के लिये 5 करोड़ 22 लाख लागत के दो ट्रैप एण्ड स्किट रेंज की आधारशिला रखी। मंत्रीगण ने शूटिंग अकादमी का भ्रमण कर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही खेल सुविधाओं का जायजा लिया और शॉटगन से निशाना भी साधा। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने राजधानी भोपाल स्थित माइक्रो बायोलॉजी प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय पुरस्कार का वितरण किया गया l नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान नगरीय निकायों के विकास कार्यों का एक महीने का रोडमैप बनाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि जिलावार स्वीकृत विकास कार्यों को समय-सीमा में शुरू कराया जाये। पशु पालन, मत्स्य विकास एवं मछुआ कल्याण मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने दतिया जिले के भांडेर में नव-निर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने गौशाला परिसर में पौधरोपण भी किया। मंत्री श्री यादव ने कहा कि गौशाला के निर्माण का उद्देश्य जहां एक ओर गौवंश को आश्रय स्थल उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर निराश्रित गौवंश के कारण सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना भी है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने मध्यप्रदेश नगर निगम - नगर पालिका कर्मचारी संघ के स्नेह सम्मेलन में घोषणा करते हुए कहा कि नगरीय निकायों के वर्ष 2007 से 2016 तक के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक संगठकों के नियमितिकरण का प्रस्ताव भी केबिनेट में रखा जाएगा।