1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भोपाल में आयोजित राइट टू वाटर कॉन्फ्रेंस का 11 फरवरी को उद्घाटन करेंगे। इसमें मैग्सेसे सम्मानित राजेंद्र सिंह समेत कई विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे भी शामिल होंगे। 2 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि जिन पर सिख दंगों के आरोप हैं वह मुख्यमंत्री बने। इस पर मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मोदी ने मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम लिए बिना सिख दंगों में हाथ होने का आरोप लगाया है जो कि निराधार है। 3 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में कृषि सलाहकार परिषद का गठन किया गया है। इसमें कृषि मंत्री उपाध्यक्ष और विभाग के प्रमुख सचिव सदस्य सचिव मनोनीत होंगे इनमें होशंगाबाद से शिवकुमार शर्मा कक्का जी का नाम शामिल है। 4 वित्त मंत्री तरुण भनोत ने पत्रिका कार्यालय में आयोजित बजट परिचर्चा में एक सवाल के जवाब में कहा कि मध्यप्रदेश का बजट वास्तविक धरातल पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भाजपा की तरह जनता से कोई छलावा नहीं करेगी, हम मध्यप्रदेश को वास्तविक विकास की ओर ठोस पहल के साथ ले जायेंगे। 5 राजगढ़ कलेक्टर निवेदिता पर थप्पड़ मारने की बात प्रमाणित होने पर ह.ं.क. मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह का कहना है कि कलेक्टर के पास लाठीचार्ज का आदेश देने का अधिकार है तो थप्पड़ मारने की क्या जरूरत है। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि किसी के अवैधानिक कृत्य पर शाबाशी दी जाए इसे वे सही नहीं मानते। 6 इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि जब डीजीपी कह रहे हैं कि कलेक्टर दोषी है तो सरकार कलेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की जगह उन्हें सही ठहराने की कोशिश क्यों कर रही है? उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के कार्यकर्ता के साथ यह घटना घटी होती तो सरकार कलेक्टर को तुरंत हटा देती। 7 संस्कृति मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर तथा प्रसिद्ध संगीत निदेशक कुलदीप सिंह को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत किया। दोनों कलाकारों को प्रशस्ति पट्टिका और सम्मान स्वरूप दो 2-2 लाख रुपए दिए गए। 8 मध्यप्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में चल रही गड़बड़ियों के खिलाफ एनएसयूआई मोर्चा खोलेगी। एनएसयूआई के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा शासनकाल में शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, अब कांग्रेस की सरकार है तो शिक्षा के शुद्धिकरण के लिए माफियाओं को खत्म करने अभियान चलाया जाएगा। 9 सीएए, एनआरसी का सोशल मीडिया पर विरोध करने वाले मंडला कलेक्टर जगदीश चंद्र जटिया के मामले में केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने मध्य प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है। सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही जटिया के पक्ष के साथ अपनी जानकारी डीओपीटी को भेजेगा। 10 इंफोसिस कर्नाटक की तर्ज पर ग्वालियर के नजदीक स्थित बटेश्वर और ककनमठ मंदिरों को संवार सकता है। इसकी संभावनाओं को तलाशने के लिए इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त रीजनल डायरेक्टर केके मोहम्मद को लेकर बटेश्वर और सिहोनिया पहुंची।