Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
06-Feb-2020

1 मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने के लिए संकल्प पारित किया गया है। संकल्प में मांग की गई है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को निरस्त किया जाए। यह जानकारी कैबिनेट की बैठक के बाद जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने दी। 2 वहीं, सीएए के खिलाफ संकल्प पास होने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। सिंह ने कहा- श्मुख्यमंत्री बनने के लिए संविधान के प्रति सच्ची और निष्ठा रखने की शपथ ली जाती है। ये कानून संसद ने बनाया है। आप कहते हैं कि कानून वापस ले लो। आप क्या चाहते हैं- पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए वहां के अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता नहीं दें? 3 राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता द्वारा एएसआई को थप्पड़ मारने का आरोप प्रमाणित होने की पुलिस की जांच लीक होने पर बुधवार दिन भर राजनीति और ब्यूरोक्रेसी का पारा गर्म रहा। रिपोर्ट सार्वजनिक होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए वरिष्ठ अफसरों से पूछा कि कलेक्टर के खिलाफ डीएसपी स्तर का अधिकारी कैसे जांच कर सकता है। 4 पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा की पहली पत्नी सावित्री देवी के परिवार ने संपत्ति बंटवारे की मांग की है। सतीश दयाल शर्मा की पत्नी शोभा शर्मा और उनके दोनों बेटे सर्वेश दयाल शर्मा और सौरभ दयाल शर्मा ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्हें अपने दादा (शंकर दयाल) की संपत्ति पर पूरा हक है। 5 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके 33 अनुषांगिक संगठनों ने नागरिकता संशोधन कानून पर जन जागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। भोपाल में संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है इसके समर्थन में जन जागरण की आवश्यकता है। 6 मध्य प्रदेश के 11.28 लाख से ज्यादा किसान लापता हैं, इसलिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि देने के लिए केंद्र सरकार को इनका पता ठिकाना नहीं ज्ञात हो सका है। इस प्रकार अब इन किसानों की सम्मान निधि अटक गई है। 7 भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती ने राम मंदिर ट्रस्ट के निर्माण पर पत्रकारों से कहा कि ये बेहद गर्व और खुशी का दिन है। हम भव्य राम मंदिर को बनते देखना चाहते हैं। अब मुझसे और आडवाणी जी से जुड़े 2 ट्रायल के लिए हम तैयार हैं। हम जो कर सकते हैं, करेंगे। 8 मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) के नियुक्ति परिणामों पर रोक को हटाने से हाईकोर्ट ने इनकार कर दिया है। पिछड़ा वर्ग में आरक्षण बढ़ाने के मामले में 27 फरवरी को अंतिम सुनवाई होगी। राज्य शासन रोक हटाने की मांग करते हुए याचिका लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने इस मामले में इनकार कर दिया। 9 इंदौर में कोरोनावायरस के दो संदिग्ध मरीजों को बुधवार सुबह एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। इन संदिग्ध मरीजों में 2 साल का बच्चा और 19 साल का युवक शामिल है। इससे पहले भी इंदौर में एक छात्र और छात्रा को कोरोनावायरस का संदिग्ध मानकर अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 10 राज्य सरकार द्वारा परिवहन माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत चिह्नित किए गए बड़े बकायादार न्यू रॉयल स्टार ट्रांसपोर्ट की बस मंगलवार को पकड़े जाने पर खासा हंगामा हो गया। कंपनी के मालिक, ड्राइवर और उनसे जुड़े लोगों ने उड़नदस्ते के उप निरीक्षक के साथ गाली गलौच की और धक्का-मुक्की कर जब्त बस को यात्रियों सहित छुड़ाकर ले भागे।