Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
05-Feb-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में 'मध्यप्रदेश हाइब्रिड नवकरणीय ऊर्जा एवं एनर्जी स्टोरेज नीति' लागू करने का निर्णय लिया। यह नीति मध्यप्रदेश राज्य में 3 परियोजनाओं के विकास के लिए लागू की जायेगी। मंत्रि-परिषद ने शासकीय संकल्प पारित कर भारत सरकार से नागरिकता (संशोधन) अधिनियम 2019 को निरसित करने का आग्रह किया तथा ऐसी नयी सूचनाओं, जिन्हें राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) 2020 में अद्यतन करने के लिए चाहा गया है, को वापस लेने एवं उसके पश्चात ही राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के अधीन गणना करने का कार्य करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ को महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने मंत्रालय में मंत्री-मंडल की बैठक के पूर्व मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिये विभिन्न श्रेणियों में मिले तीन राष्ट्रीय पुरस्कार सौंपे। श्री कमल नाथ ने इस उपलब्धि के लिये मंत्री श्रीमती इमरती देवी और विभागीय अधिकारियों- कर्मचारियों तथा मैदानी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुपोषण एवं शिशु-मातृ मृत्यु दर को समाप्त करने के लिये प्रतिबद्धता के साथ काम करें। राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने पचमढ़ी में कहा कि गाँधी जी की अनमोल शिक्षा को अपने जीवन में उतारें और इसके लिये समाज में जागृति भी लाएं। श्री टंडन पचमढ़ी में शैक्षणिक भ्रमण के लिये आने वाले छात्र-छात्राओं के लिये निर्मित नवीनीकृत शयनागार का लोकार्पण कर रहे थे। उन्होंने डाइट और आदिवासी छात्रावास की छात्राओं को गाँधी जी की आत्मकथा 'सत्य के साथ मेरे प्रयोग'' भेंट की। गृह मंत्री श्री बाला बच्चन और विधि-विधायी कार्य मंत्री श्री पी.सी.शर्मा ने प्रदेश में कानून व्यावस्था और प्रचलित प्रकरणों की मंत्रालय में समीक्षा की। इस अवसर पर सामान्य प्रशासन मंत्री श्री गोविन्द सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी और जनजातीय कार्य मंत्री ओमकार सिंह मरकाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे l किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री सचिन यादव और पर्यटन एवं नर्मदा घाटी विकास मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने धार जिले के तहसील मुख्यालय कुक्षी में किसानों को जय किसान फसल ऋण माफी के प्रमाण-पत्र प्रदान किये। कुक्षी तहसील में योजना के प्रथम चरण में 11 हजार किसानों के 36 करोड़ 80 लाख रुपये के फसल ऋण माफ किये गये थे। द्वितीय चरण में 3,749 किसानों के 26 करोड़ 32 लाख रुपये के फसल ऋण माफ किये जा रहे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में में निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मुहैया कराना राज्य शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए मिशन का अमला अभियान चलाकर ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूह के रूप में संगठित करें। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के अंतर्गत राजधानी भोपाल के ओरिएंटल कालेज में सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण के कार्यक्रमों की सफलता के लिये में सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटियाँ देश का भविष्य हैं, इनकी रक्षा और सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री हर्ष यादव ने मंत्रालय के एनआईसी कक्ष में राज्य खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड और संत रविदास राज्य हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम के नवीन पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल सरकारी विभागों को खादी बोर्ड और हस्तशिल्प विकास निगम को क्रय आदेश देने, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर राशि का भुगतान करने में मददगार होगा। श्री यादव ने उम्मीद जताई कि अब दोनों उपक्रम अधिक गति से कार्यों को क्रियान्वित करेंगे।