मध्यप्रदेश में आइफा के आयोजन की तारीखों के एलान के बाद मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने ब्लॉग के माध्यम से आयोजन को सफल बनाने की बात कही है l मुख्यमंत्री ने आइफा अवार्ड आयोजन को प्रदेश के आदिवासी भाइयों और अंतिम पंक्ति में खडे़ हुए नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह आयोजन इनकी समृद्धि के द्वार खोलने के साथ मध्यप्रदेश की वैश्विक साख स्थापित करेगा l मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभागी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के एनसीसी के छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह में संबोधित करते हुए कहा कि आज देश को रचनात्मक सोच और अनुशासित युवा पीढ़ी की आवश्यकता है, जो सेवा से जुड़े और पूरे देश को एकसूत्र में पिरोए। उन्होंने कहा कि एनसीसी एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए हम देश के बेहतर भविष्य के लिए युवा शक्ति की ऊर्जा का उपयोग सही दिशा और दृष्टि के साथ कर सकते हैं। राज्यपाल श्री लालजी टंडन अपने तीन दिवसीय प्रवास पर पचमढ़ी पहुंचे। इस अवसर पर नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर श्री रजनीश श्रीवास्तव,आईजी श्री आशुतोष राय, होशंगाबाद कलेक्टर श्री धनंजय सिंह ने एयर स्ट्रिप पर राज्यपाल श्री टंडन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जनसम्पर्क एवं आध्यात्म मंत्री श्री पी. सी. शर्मा ने मंगलवार सुबह मैहर शक्तिपीठ में माँ शारदा की आराधना की। उन्होंने माँ शारदा का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। गृह एवं जेल मंत्री श्री बाला बच्चन ने जेलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए गठित 'मध्यप्रदेश कौशल विकास एवं व्यावसायिक बोर्ड' की प्रथम उच्च स्तरीय बैठक में जेलों में संचालित उद्योग, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालन के लिये 5 करोड़ का स्थाई फंड बनाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग के समन्वय से बंदियों को वोकेशनल ट्रेनिंग उपलब्ध कराने को भी कहा। ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने खिलचीपुर में जय किसान फसल ऋण माफी योजना अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने किसानों से कर्ज माफी का जो वादा किया था, उसको पूरा किया है। उन्होंने बताया कि अब 50 हजार से एक लाख रुपये तक के फसल ऋण माफ किये जा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री कर रहे थे। इस मौके पर विकासखंड स्तरीय शिविर में खिलचीपुर के 1376 किसानों का 9 करोड़ 43 लाख का फसल ऋण माफ किया गया। संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ मुम्बई में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान के निवास पर पहुँचीं और उन्हें मध्यप्रदेश शासन के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया। डॉ. साधौ ने वहीदा जी को सम्मान-स्वरूप 2 लाख रुपये, शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति-पट्टिका सौंपी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री पंकज राग भी उपस्थित थे।