1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रयासों से आईफा अवार्ड की मेजबानी इस बार मध्यप्रदेश कर रहा है. मुख्यमंत्री ने आइफा अवॉर्ड की घोषणा करने मध्यप्रदेश पहुंचे अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस की मौजूदगी में एक कार्यक्रम में कहा कि कुछ समय पहले इंडियन टेलिविजन अकैडमी का अवॉर्ड फंक्शन इंदौर में हुआ था, मैंने ही उन्हें आमंत्रित किया था, तब मैंने उनसे कहा था कि हम चाहते हैं कि मध्यप्रदेश में आईफा अवार्ड भी हो. 2 मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सलमान खान को सलमान के बचपन की फोटो का कोलाज भेंट किया. सलमान खान ने कहा कि आइफा अवॉर्ड मध्यप्रदेश के लिए गेमचेंजर होगा जिसका 90 देशों में प्रसारण किया जाएगा. उन्होंने कहा इसमें बॉलीवुड के 5000 से ज्यादा सितारे शिरकत करेंगे. 3 पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले आईफा अवार्ड समारोह को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. चौहान ने सोमवार को ट्वीट करके कहा कि कांग्रेस सरकार पर सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है. 4 वहीं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने आईफा अवार्ड पर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश में दलितों, आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, दूसरी ओर आइफा अवॉर्ड के नाम पर सरकार वाहवाही में लगी हुई है. 5 वहीं इस अवार्ड पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि आइफा अवॉर्ड्स से प्रदेश की ख्याति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी एवं पर्यटन सहित अन्य उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा. 6 मध्यप्रदेश के कॉलेजों में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के नाम पर उच्च शिक्षा विभाग ने प्रयोगशाला उन्नयन के लिए 3 गुना महंगे उपकरण खरीद लिए, वह भी अमानक स्तर के. इस बारे में उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री जीतू पटवारी का कहना है कि कालेजों में उपकरण खरीदी में जो गड़बड़ी की बात सामने आई है उसकी जांच करवाई जाएगी. 7 भाजपा के 15 वर्ष के कार्यकाल के दौरान उद्योगों से पानी का पैसा नहीं वसूलने पर सरकार ने सख्ती बरतते हुए इसकी वसूली का इंतजाम किया है. जल संसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा का कहना है कि भाजपा ने हमें खाली खजाना सौंपा है लेकिन अब राजस्व वसूली में ढील नहीं दी जाएगी. 8 मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा है कि केंद्र ने राज्य के हिस्से में कटौती की है, इसकी समीक्षा करेंगे और गैरजरूरी खर्चों में कटौती कर योजनाओं को जारी रखा जाएगा. समझा जाता है कि केंद्र की कैची का असर प्रदेश के बजट पर दिखेगा. 9 प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उल्लेखनीय कार्य के लिए मध्यप्रदेश को तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है. केंद्रीय महिला विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी को यह पुरस्कार दिए हैं. 10 केंद्रीय पर्यटन मंत्री पहलाद पटेल ने कहा है कि खजुराहो के लिए मास्टर योजना का प्रारूप तैयार किया जा रहा है इसमें पर्यटकों को सुविधाओं के साथ निवेश संवर्धन पर भी विचार किया जाएगा.