Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
03-Feb-2020

1 एकीकृत जिला सूचना प्रणाली की अंतरिम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सरकारी स्कूलों में भले ही कॉन्वेंट स्तर की पढ़ाई और स्मार्ट क्लासेस लगाने की तैयारी की जा रही है लेकिन सुविधाओं के मामले में निजी स्कूलों से यह कोसों दूर है. सिर्फ 7 फीसदी स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा है. इस बारे में स्कूली शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रभु राम चौधरी का कहना है कि सरकार ने स्कूलों की व्यवस्था को मिशन मोड में लिया है, जिन स्कूलों में बिजली नहीं है वहां बिजली के लिए राशि जारी की है, इंटरनेट की सुविधा भी बढ़ाई जा रही है. 2 मध्यप्रदेश के 4 विश्वविद्यालयों में करोड़ों की धांधली सामने आई है, जिसके चलते सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं. बताया जाता है कि जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर, भोज विश्वविद्यालय भोपाल और शहडोल विश्वविद्यालय में नियुक्ति से लेकर निर्माण तक में गड़बड़ी की शिकायतें पाई गई हैं. इस बारे में उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि विश्वविद्यालयों में वित्तीय सहित अन्य अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए हैं. 3 नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भोपाल के महालक्ष्मी नगर मैदान पर आयोजित सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि नागरिकता साबित करने के लिए अधिकारी कागज देखने आएंगे तो मैं नहीं दिखाऊंगा. उन्होंने कहा कि अदनान सामी को नागरिकता देने की सिफारिश मैंने भी की थी लेकिन उन्हें यह नागरिकता मोदी राज में मिली. 4 नर्मदा बचाओ आंदोलन की मेधा पाटकर ने कहा कि सरकार की गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे और सिर्फ एक कौम को टारगेट किया तो हम उनका साथ देंगे. इसी कार्यक्रम में अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय पोहा खाकर बड़े हुए लेकिन पोहा खाते देख आदमी की पहचान कर लेते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार को नफरत का नशा है, यह लोग नागपुर में बैठकर नफरत का व्यापार करते हैं. 5 छिंदवाड़ा के पांढुर्ना में आदिवासी नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या की वारदात को नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने बेहद चिंताजनक और दिल दहलाने वाली घटना बताया है. भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन उनके ही गृहनगर में यह घटना होती है. वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि इस घटना ने शर्मसार किया है. 6 इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय ने एक कार्यक्रम में कहा कि हर व्यक्ति को देश भक्ति का नशा होना चाहिए, लेकिन देशभक्ति का नशा इतना भी ना हो कि मोदी ने शादी ही नहीं की. कैलाश के इस कथन पर सवाल उठाते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया प्रभारी नरेंद्र सलूजा ने पूछा कि मोदी ने शादी नहीं की तो जसोदाबेन कौन हैं. 7 मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सागर के रहली में किसानों और व्यापारियों के कार्यक्रम में कहा कि वहां ज्यादा विधायक हो गए मेरे पास कम थे, इसलिए कह रहा हूं कि विधायक दल का नेता हूं, हमारे पास चार-पांच विधायक इस और हो गए होते तो हो सकता है मुख्यमंत्री आपके क्षेत्र का कोई आदमी होता. हालांकि बाद में अपना बयान पलटते हुए उन्होंने कहा कि जो भी होता पार्टी तय करती, मेरे मन में कभी पद का लालच नहीं आया. 8 नदी न्यास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा जब केन नदी की पेरई और रामपुर रेत खदानों पर पहुंचे तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था. इस पर उन्होंने एसडीएम अविनाश रावत से कहा कि यहां बड़ी मात्रा में रेत की चोरी हुई है इसे सख्ती से रोकें. 9 भोपाल एयरपोर्ट में योगेश त्रिपाठी नाम के सिरफिरे युवक ने रनवे पर पहुंचकर पत्थर मारकर हेलीकॉप्टर तोड़ दिया और टेकऑफ के के लिए जा रहे विमान के सामने खड़ा हो गया. पायलट ने सूझबूझ से इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजन बंद किया इससे युवक पंखों में फंसने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया. युवक से पहले सीआईएसएफ ने पूछताछ की फिर उसे गिरफ्तार कर लिया. 10 जीतू सोनी, बॉबी छाबड़ा, चंपू अजमेरा, चिराग शाह समेत इंदौर के 11 से ज्यादा बड़े भूमाफिया की संपत्ति कुर्की के लिए पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जो माफिया भूमिगत हुए हैं उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करवाकर संपत्ति कुर्की के लिए धारा 82 और 83 की उद्घोषणा की जाएगी.