मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने युवा पीढ़ी का आव्हान किया है कि वे गाँधी जी के विचारों और सोच को अपनाए। श्री कमल नाथ गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्य-तिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे थे। श्री कमल नाथ ने पुरानी विधानसभा मिंटो हॉल स्थित महात्मा गाँधी के प्रतिमा स्थल पर उनका पुण्य स्मरण किया। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य-तिथि पर दो मिनिट का मौन रखकर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री कमल नाथ पूर्वांह ठीक 11 बजे मंत्रालय के समक्ष सरदार पटेल उद्यान पहुँचे। मुख्यमंत्री और अधिकारियों-कर्मचारियों ने मौन धारण सूचक सायरन बजने पर दो मिनिट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पुण्य स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राम पथ वन गमन निर्माण की समीक्षा बैठक में ट्रस्ट बनाने और पथ निर्माण का दायित्व सड़क विकास निगम को सौंपने के निर्देश दिए हैं। श्री कमल नाथ ने कहा कि प्रथम चरण में 30 किलोमीटर अमरकंटक और 30 किलोमीटर चित्रकूट क्षेत्र से पथ का सर्वे कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मंत्रालय में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के द्वितीय चरण की समीक्षा करते हुए कहा कि हर पात्र किसान को समय-सीमा में योजना का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। द्वितीय चरण में प्रदेश के सात लाख किसानों के साढ़े चार हजार करोड़ रुपये के ऋण माफ होंगे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने भोपाल में स्थापित होने वाले ग्लोबल स्किल पार्क के निर्माण की प्रगति एवं एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से क्रियान्वित स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए कहा कि युवाओं में कौशल विकास के लिए प्रदेश के 14 जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित होंगे। उन्होंने भोपाल में स्थापित होने वाले ग्लोबल स्किल पार्क का निर्माण मार्च 2020 तक शुरू करने के निर्देश दिए। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा बसंत पंचमी पर राजधानी भोपाल के गुफा मंदिर प्रांगण में आयोजित सर्व ब्राह्मण सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित हुए। श्री शर्मा ने नव-दम्पतियों को गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएँ दीं और उपहार भेंट किये। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी ने युवा पीढ़ी का आव्हान किया है कि वे महात्मा गाँधी के विचार को आत्मसात कर सत्य और अंहिसा को अपनाएँ। श्री पटवारी संत हिरदाराम कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्य-तिथि पर 'गाँधी तुम्हे नमन' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के पॉच विश्वविद्यालय में 'गाँधी चेयर' तथा सभी महाविद्यालयों में 'गाँधी स्तंभ' का प्रतीकात्मक लोकार्पण किया। इंदौर में शंकर नेत्रालय का शुभारंभ किया गया। श्री कांची कामकोटि मेडिकल ट्रस्ट की इकाई शंकरा आई फ़ाउंडेशन द्वारा यह नेत्रालय संचालित होगा। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने इस उत्कृष्ट नेत्र चिकित्सा संस्थान के आरंभ होने पर शुभकामनाएं दी है। अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री तुलसी सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी सहित अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि और जनसंपर्क आयुक्त श्री पी नरहरि विशेष तौर पर उपस्थित थे। वन मंत्री श्री उमंग सिंघार की ओर से कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक श्री एल. कृष्णमूर्ति ने सुप्रसिद्ध क्रिकेटर श्री महेन्द्र सिंह धोनी का गुलदस्ते से स्वागत किया। श्री मूर्ति ने वन मंत्री की ओर से उन्हें कान्हा टाइगर रिजर्व पर कॉफी टेबल बुक, कैप और पठनीय सामग्री भी भेंट की।