Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
29-Jan-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पुण्य-स्मरण करते हुए कहा कि आज भारत को एकजुट बनाए रखने के लिए महात्मा गांधी द्वारा दिखाए रास्ते पर पूरी दृढ़ता के साथ चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यही एकमात्र विकल्प है जो देश को एक सूत्र में पिरोए रख सकता है। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आज मुख्यमंत्री निवास पर 'गांधी संदेश पद यात्रा' पुस्तक का विमोचन किया l मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का जो मार्ग दिखाया है, वही एक मात्र विकल्प है, जो हमारे देश और दुनिया में शांति कायम कर सकता है। राज्यपाल श्री लालजी टण्डन के मुख्य आतिथ्य में बुधवार शाम मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ''बीटिंग द रिट्रीट'' सेरेमनी आयोजित हुई । इसी के साथ इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ।मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में बीटिंग द रिट्रीट कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान एवं राज्यपाल श्री लालजी टण्डन को सम्मान व्यक्त करने के साथ हुई। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड व पाइप बैंड ने सामूहिक वादन की मनोहारी प्रस्तुति दीं। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी शासकीय एमएलबी हायर सेकेण्डरी स्कूल, बरखेड़ा में आयोजित 'एक पृथ्वी-पांडा फेस्ट-2020'' में शामिल हुए। डॉ. चौधरी ने कहा कि बच्चे पर्यावरण संरक्षण के सच्चे संवाहक हैं। इन्हें जागरूक बनाना जरूरी है। उन्होंने पांडा फेस्ट आयोजन की सराहना की। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे ने बैतूल जिले में 19 लाख 30 हजार रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम भैसादण्ड में 9.30 लाख की लागत की सी.सी. रोड का भूमि-पूजन और 10 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। चिकित्सा शिक्षा, आयुष और संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने ग्वालियर में स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की साधारण सभा और शासकीय गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय की सामान्य परिषद की बैठक में भाग लिया। मंत्री डॉ. साधौ ने कहा कि आयुर्वेद को मेडिकल टूरिज्म के रूप मे विकसित करने की दिशा में प्रयास शुरू किए गए हैं। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री आरिफ अकील ने 'जी.ई.एम. संवाद' कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में कहा कि शासकीय खरीदी में एमएसएमई इकाइयों को प्राथमिकता दी जायेगी, जिससे उनके व्यवसाय एवं रोजगार दोनों में बढ़ोत्तरी हो। उन्होंने बताया कि कि जी.ई.एम. पोर्टल पर मध्यप्रदेश की 3,736 एमएसएमई इकाइयों से 864 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया गया है। पशुपालन मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने वैज्ञानिकों से कहा है कि पौष्टिक और स्वादिष्ट हरा चारा उत्पादन की तकनीक विकसित करें। श्री यादव प्रशासन अकादमी में चारा उत्पादन अनुसंधान एवं संरक्षण विषय पर आयोजित कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।