छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इंटर स्टेट काउंसिल की बैठक में मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने अपनी मांगों को रखा। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने काउंसिल की बैठक के दौरान राज्यों को मिलने वाले केंद्रांश को 42 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी किए जाने की मांग की है । मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ 10 फरवरी, 2020 को राजाभोज विमान-तल भोपाल पर एयर कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। राजा भोज विमान-तल में पुराने टर्मिनल भवन को एयर कार्गो टर्मिनल के रूप में विकसित किया गया है। यह जानकारी जनसम्पर्क एवं विमानन मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने दी। मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि भोपाल को एयर कनेक्टिविटी से दूसरे महानगरों से जोड़ने की पहल के तहत यह राजधानी के लिये बड़ी सौगात होगी। राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के 8वें दीक्षांत समारोह में कहा कि युवा वर्ग शक्तिशाली भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में अपनी रचनात्मक पहचान बनाना चाहिए। समारोह में उच्च शिक्ष मंत्री श्री जीतू पटवारी भी शामिल हुए। जनसम्पर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने मैपआईटी की सामान्य सभा की बैठक में कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड ऐसे संस्थानों को दिया जाए, जो राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। बैठक में प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्री मनीष रस्तोगी और बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे। कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हर्ष यादव और पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने बुनकरों की आय बढ़ाने के लिये खादी वस्त्र उत्पादन में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिये मंत्रालय में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। मंत्री श्री यादव ने कहा कि बुनकरों को सौर ऊर्जा के उपयोग से वस्त्र उत्पादन का प्रशिक्षण देने के लिये क्लस्टर का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी एक स्थान पर पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरूआत की जाये। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने आगर-मालवा जिले की नगर परिषद कानड़ में 9 करोड़ 19 लाख 94 हजार की लागत के तीन निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कानड़ में 7 करोड़ 48 लाख के फिल्टर प्लांट, 82 लाख के नवीन बस स्टैण्ड और 88 लाख 87 हजार के सामुदायिक भवन और नगर सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने डिण्डौरी में चन्द्रविजय महाविद्यालय में शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के अंतर्गत आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में दवाओं, खाद-बीज, कीटनाशक और खाद्य पदार्थो के निर्माण एवं विक्रय में मिलावटखोरी को सख्ती से रोका जाएगा। भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री श्री आरिफ अकील ने मंत्रालय में भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि गैस पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि यूनियन कार्बाइड के केमिकल हटाने और स्थान को विकसित करने के कार्य को गति दी जाएगी।