मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने गणतंत्र दिवस पर नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। श्री कमल नाथ ने शुभकामना संदेश में कहा कि राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस भारत के संविधान में आस्था व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि 1950 से लागू संविधान भारत के गण की आत्मा बन चुका है। आत्मा को शुद्ध रखना, सुरक्षित रखना और इसे बुराईयों से बचाना हर नागरिक का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने इंदौर में “आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत “द्वार प्रदाय सेवा” का शुभारंभ किया । मध्यप्रदेश लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम, 2010 के अंतर्गत नागरिकों को चयनित सेवाओं के लिये द्वार पर प्रदाय करने के उद्देश्य से यह योजना बनाई गई है। राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मिंटो हॉल में आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह में कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा, तब ही हमारा लोकतंत्र सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि हमें गर्व होना चाहिये कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के नागरिक हैं। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर वार्ड-46 में राजीव गाँधी हाई स्कूल में बच्चों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों को संविधान की महत्ता से बचपन से ही अवगत कराने का यह अभिनव प्रयास है। श्री शर्मा ने बताया कि अब प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रति सप्ताह शनिवार के दिन बच्चे संविधान की उद्देशिका का वाचन करेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने राजधानी भोपाल के शासकीय माध्यमिक शाला, नीलबड़ में नवगठित शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों को शाला को उत्कृष्ट बनाने की शपथ दिलाई। इस स्कूल के साथ आज प्रदेश की 94 हजार शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में नवगठित शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी शाला को उत्कृष्ट बनाने की शपथ ग्रहण की। वन मंत्री श्री उमंग सिंघार ने धार जिले के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल माण्डवगढ़ में एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्व. जमुनादेवी तितली पार्क का निरीक्षण किया। रानी रूपमती मार्ग पर सागर तालाब के सामने 4 हेक्टेयर क्षेत्र में तितली पार्क बनाया जा रहा है। सहकारिता मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने ग्वालियर में चंबल और ग्वालियर संभाग में सहकारिता विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान सहकारिता आयुक्त डॉ. एम.के. अग्रवाल उपस्थित थे।