10 वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल के मिंटो हाल में शनिवार को राज्य-स्तरीय समारोह राज्यपाल लालजी टंडन के मुख्य आतिथ्य में हुआ ।राज्य निर्वाचन आयुक्त बी.पी.सिंह, अपर मुख्य सचिव एम.गोपाल रेड्डी, और मतदाता जागरूकता के स्टेट आईकॉन राजीव वर्मा, दिव्यंका त्रिपाठी दाहिया और देशना जैन विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल हुए । समारोह में राज्यपाल द्वारा मतदाताओं को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई । साथ ही राज्यपाल लालजी टंडन ने लोकसभा निर्वाचन 2019 में श्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं 10 चयनित युवा मतदाताओं को EPIC का वितरण, विद्यालय एवं महाविद्यालय में स्लोगन, निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए ।