1 मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रस्तावित कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बहुत पसंद आई है. विशेषकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कहना है कि पेंशन का अधिकांश पैसा स्वास्थ्य में लग जाता है इस योजना से राहत मिलेगी. 2 3 दिन पहले जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री जीतू पटवारी और सांसद महेंद्र सोलंकी के बीच हुए विवाद के बाद प्रेस वार्ता करने देवास आ रहे मंत्री पटवारी को काले झंडे दिखाने के लिए पहुंचे भाजपाइयों को खदेड़ने के लिए कांग्रेसी डंडा लेकर पहुंच गए. दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर पत्थर फेंके. 3 खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा ग्रस्त परिवारों को 6 माह तक रियायती दर पर गेहूं मुहैया कराया जाएगा. इनमें मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा और भिंड जिले के लगभग 6000 परिवार शामिल हैं. 4 जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि माफियाओं के खिलाफ चरणबद्ध अभियान चलाया जा रहा है, अभी बड़े शहरों में कार्रवाई की जा रही है आगे छोटे शहरों में जारी रहेगी. शर्मा ने कहा कि बीते 15 साल में भाजपा के कार्यकाल में माफिया पनप रहे थे, अब ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो भाजपा के लोग ही इसका विरोध कर रहे हैं. 5 इस बीच माफिया और अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के विरोध में पूरे प्रदेश में भाजपाई सड़कों पर उतरे. भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूछा कि माफिया कौन है और कितनों पर कार्रवाई की गई है, सरकार सूची दिखाए. 6 पोहा खाने से मजदूरों की पहचान वाले बयान पर सोशल मीडिया में ट्रोल होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि पोहा खाने के कारण उनकी पहचान की बल्कि कहा था कि रात में थाली भरकर पोहा खाने का कारण पूछा तो ठेकेदार ने बताया था कि यह बंगाल के रहने वाले हैं रात में ही पोहे खाते हैं. 7 सांसदों - विधायकों के लिए बनी विशेष अदालत ने चेक बाउंस के 4 मामलों में पूर्व मंत्री और भोजपुर सीट से भाजपा विधायक सुरेंद्र पटवा को 6 माह की जेल की सजा सुनाई है. कोर्ट ने पटवा पर 45 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है और उन्हें अपील करने के लिए 30 दिन का समय दिया है. 8 भाजपा नेता को थप्पड़ मार कर चर्चा में आई राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता पर 61 साल के एएसआई और पटवारी को भी थप्पड़ मारने का आरोप है. एसपी ने कहा है कि इससे संबंधित आवेदन मेरे पास आया है. उधर कलेक्टर का कहना है कि भाजपा के पूर्व विधायक भीड़ को उकसाने लगे इसलिए उन्हें पकड़कर खींचा. 9 मध्यप्रदेश कैडर के दो सीनियर आईएफएस अधिकारियों प्रशांत जाधव और मोहन मीणा ने मुख्य सचिव एसआर मोहंती को पत्र लिखकर कहा है कि बिना पद के पद स्थापना और काम नहीं होने के कारण वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हैं. जाधव ने कहा है कि वन मंत्री की जगह एसीएस को अधिकार सौंपा जाना चाहिए. 10 सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए पिछले 46 दिन से आंदोलन कर रहे अतिथि विद्वानों ने अब मशाल थाम ली है. आंदोलनकारियों का आरोप है कि उच्च शिक्षा विभाग में 60ः सीटें घटा दी हैं, ऐसे में 60 प्रतिशत अतिथि विद्वानों का बाहर होना तय है.