मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए अगले 10 वर्ष तक आरक्षण सुविधा बरकरार रखने के लिए संसद द्वारा पारित संविधान 126वें संशोधन अधिनियम 2019 के अनु समर्थन में विधानसभा में रखे गए प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार से बजट में आदिवासी उपयोजना की पूर्व व्यवस्था को जारी रखने का अनुरोध किया है। श्री नाथ ने कहा कि अगर केन्द्र सरकार ने यह व्यवस्था नहीं की तो राज्य सरकार बजट में आदिवासी उपयोजना का प्रावधान करेगी। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने विधानसभा के विशेष सत्र में कहा कि धान उपार्जन की राशि का भुगतान किसानों के खाते में अगले पाँच दिनों पहुँचा दी जाएगी। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि से फसलों को जो नुकसान पहुँचा है उसका भी शीघ्र सर्वे करना का निर्देश दिया है। सर्वे होने के बाद किसान को क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ राजधानी भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आईएएस सर्विस मीट 2020 के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जो आईएएस अधिकारी अपनी सेवा यात्रा के मध्य में हैं और जो सेवा पूरी करने वाले हैं, वे चिंतन करें कि मध्यप्रदेश को वे कहाँ छोड़कर जाना चाहते हैं। जो अधिकारी अपनी सेवा यात्रा की शुरूआत कर रहे हैं, वे सोचें कि मध्यप्रदेश को कहाँ देखना चाहते हैं। आईएएस सर्विस मीट 2020 के शुभारंभ सत्र में मध्यप्रदेश आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री आई.सी.पी. केशरी ने अपने स्वागत भाषण में मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ को आधुनिक, उदार, डॉयनामिक और विश्व-दृष्टि से सम्पन्न नेता बताते हुए कहा कि वे 159 देशों का भ्रमण कर चुके हैं । वे किसानों के हित में 19 मंत्रियों के साथ विश्व व्यापार संगठन की बैठक का विरोध करने वाले नेता हैं। उनके नेतृत्व में देश में ऑटोमोबाइल सेक्टर में क्रांतिकारी परिवर्तन आया। आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम भोपाल के पटेल नगर स्थित आदिवासी बालक आश्रम शाला पहुँचे और वहाँ गत दिवस पहली कक्षा के छात्र की मृत्यु की घटना के बारे में पूछताछ की। उन्होंने आश्रम शाला में पढ़ाई कर रहे बच्चों से बातचीत की तथा अधीक्षक, शिक्षक और अन्य कर्मचारियों से व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्री मरकाम ने मृत छात्र के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।