Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
12-Nov-2026

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर को आज कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया। वहीं ED की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट को एग्जीक्यूट कराने के लिए दायर आवेदन को कोर्ट ने खारिज कर दिया। ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी ने पैरवी की। कोर्ट परिसर में सौरभ की पेशी के दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं मामले की जांच के तहत CBI ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। अब सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल में रहेगा। छत्तीसगढ़ में आज से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों और लोगों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने की अपील की है। विजय शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर किसी को भी भ्रम फैलाने के बजाय निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं उनकी जानकारी सार्वजनिक है और बूथवार विवरण निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग से जानकारी नहीं मांगती बल्कि केवल हल्ला करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सड़क पर उतरकर सिर्फ भ्रम फैलाने का काम करना चाहती है। विजय शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े तथ्यों को लेकर राजनीति करने के बजाय सभी को प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को देशभर में जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय जनजाति गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। रायगढ़ के धरमजयगढ़ में होने वाले इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे। वहीं धान खरीदी की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत की जा रही है। सरकार खरीदी को लेकर पूरी तरह तैयार है और किसानों से धान उपार्जन की प्रक्रिया तय समय पर शुरू की जाएगी। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक ड्रग्स तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल घेराबंदी और लगातार पतासाजी करते हुए करीब तीन घंटे के भीतर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुशर्फ कादरी के रूप में हुई है। मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने उसे रजबंधा मैदान के पास पकड़ा था। आरोपी से पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई चल रही थी इसी दौरान वह अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने उसे काला मैदान के पास से दोबारा पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चार पैकेट में सफेद पाउडर बरामद हुआ जिसे जांच में MDMA ड्रग्स पाया गया। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 4.93 ग्राम है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के मोपका में कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रिवेल फूड कंपनी के नाम पर लोगों को छह महीने में निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा दिया गया। लालच में आकर कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी निवेश कर दी। इस तरह करीब 20 लाख रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है। तय समय पूरा होने के बाद जब निवेशकों को न तो उनकी मूल रकम वापस मिली और न ही वादे के मुताबिक दोगुनी राशि तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन से चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के लेन-देन कंपनी से जुड़े दस्तावेजों और निवेश करने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी लोग ठगी का शिकार हुए हो सकते हैं। रायपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने पर रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग और उसके आकलन के मानकों को सार्वजनिक करने की मांग की है। उपाध्याय ने कहा कि अखबारों में प्रकाशित खबरों के मुताबिक बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर पहला और बिलासपुर को दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने दोनों शहरों के नागरिकों और सफाई कर्मचारियों को बधाई भी दी। विकास उपाध्याय ने कहा कि रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी है और प्रदेशभर से लोग यहां आते हैं। ऐसे में राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आज भी कई वार्डों में लोग कचरे के ढेर जाम नालियों और अनियमित सफाई से परेशान हैं। पूर्व विधायक ने नगर निगम से सवाल किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान टीम किन वार्डों बस्तियों और अंदरूनी इलाकों तक पहुंची? कितने नागरिकों की राय ली गई और नागरिकों की शिकायतों को आकलन में कितना महत्व दिया गया? उन्होंने राज्य सरकार और नगर निगम से स्वच्छता सर्वेक्षण की पूरी रिपोर्ट रायपुर की राष्ट्रीय रैंकिंग वार्डवार आकलन निरीक्षण रिपोर्ट और नागरिक संतुष्टि के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही वार्डवार सफाई शिकायतों उनके निराकरण और लंबित शिकायतों पर कार्रवाई की समयसीमा बताने की मांग भी की है। विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में पहला स्थान मिलने की घोषणा के साथ नगर निगम को हर वार्ड के लिए समयबद्ध सफाई कार्यक्रम जारी करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जिस गली में आज भी कचरा पड़ा है वहां रहने वाले लोगों को स्वच्छता रैंकिंग का सच कैसे समझाया जाएगा?