लॉरेंस गैंग का गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट यानी ICE ने उसे कैलिफोर्निया में पकड़ा है। आरोप है कि हैरी अमेरिका में रहकर गैंग की आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। हैरी बॉक्सर ने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा उस पर अभिनेता सलमान खान और कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी देने का भी आरोप है। इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है। अभिजीत भट्टाचार्य के बयान पर भड़के दलेर मेहंदी के बेटे बोले- चंद व्यूज के लिए कुछ भी बोलते हैं सिंगर दलेर मेहंदी और अभिजीत भट्टाचार्य के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। दरअसल उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर शराब पीकर परफॉर्म करने और लिप सिंकिंग करने के आरोप लगे थे। इस विवाद के बीच सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने भी एक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह सिर्फ लिप सिंक कर रहे थे और उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। अभिजीत के इस बयान पर दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि वह हमेशा लाइव गाना गाने में विश्वास रखते हैं। गुरदीप ने मंच से दर्शकों के सामने लाइव परफॉर्मेंस का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिता से हमेशा लाइव गाना सीखा है और इसमें गलतियां होना स्वाभाविक है। नोरा फतेही ने सुकेश चंद्रशेखर केस में दर्ज कराया बयान कहा- चैरिटी कार्यक्रम के लिए मिला था न्योता बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुईं। उन्होंने 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी और वसूली से जुड़े सुकेश चंद्रशेखर मामले में सरकारी पक्ष की गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराया। अदालत में नोरा ने बताया कि दिसंबर 2020 में उन्हें चेन्नई में एक चैरिटी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम की आयोजक सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोज थीं। नोरा के मुताबिक उन्हें एक्सीड एंटरटेनमेंट एजेंसी के जरिए चीफ गेस्ट और डांस प्रतियोगिता की जज के तौर पर बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सिलसिले में उनकी सुकेश से फोन पर बातचीत भी हुई थी। मामले की सुनवाई एडिशनल सेशन जज गगनदीप सिंह की अदालत में हुई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी। राजपाल यादव के खिलाफ गैर-जमानती वारंट 25 लाख के चेक बाउंस मामले में मुंबई पुलिस को गिरफ्तारी के निर्देश बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। 25 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में महू की अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अदालत ने मुंबई पुलिस को वारंट तामील कर अभिनेता को गिरफ्तार करने और अगली सुनवाई से पहले महू कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि राजपाल यादव कई बार सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुए थे। इससे पहले उनके खिलाफ जमानती वारंट भी जारी किया गया था। यह मामला महू निवासी फिल्म फाइनेंसर प्रकाश जाजू की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार दोनों के बीच 25 लाख रुपये का लेनदेन हुआ था और रकम लौटाने के लिए दिए गए चेक बैंक में बाउंस हो गए थे।