शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर रिलीज बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को रिलीज हुआ। पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब नजर आ रहा है जबकि उनकी आंखों में गुस्सा और अंदाज में रोमांस दिखाई दे रहा है। पोस्टर से फिल्म में एक्शन और रोमांस का जबरदस्त मेल होने के संकेत मिल रहे हैं। शाहरुख ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा “आज फिर याद आया... कातिल नहीं आशिक हूं।” फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में इमरान हाशमी के घर की रेकी का दावा टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की जांच में मुंबई पुलिस को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आरोपी शूटरों को अभिनेता इमरान हाशमी के घर की रेकी करने के लिए भी कहा गया था। हालांकि स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बावजूद वे घर का पता नहीं लगा सके। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक शूटरों ने अभिनेता आमिर खान के घर की रेकी करने की भी कोशिश की थी लेकिन उनके दक्षिण मुंबई शिफ्ट होने की जानकारी नहीं होने के कारण वे वहां भी नहीं पहुंच पाए। रिपोर्ट में पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि शूटरों ने अपने हैंडलर्स को इसकी जानकारी दी थी। मामले में पुलिस की जांच जारी है। सारा अली खान ने बर्फबारी के बीच किए केदारनाथ के दर्शन बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। बताया जा रहा है कि वह हेलिकॉप्टर से धाम पहुंचीं जहां उनके आने के बाद बर्फबारी भी हुई। कड़ाके की ठंड के बीच सारा करीब आधे घंटे तक दर्शन के लिए कतार में खड़ी रहीं। इस दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने उन्हें ठंड से बचने के लिए शॉल देने की पेशकश भी की। सारा अपने दोस्तों के साथ पहुंची थीं और उन्होंने केदारनाथ के रक्षक बाबा भुकुंट भैरव के भी दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से उनके दर्शन को लेकर एफिडेविट की शर्त की चर्चा के बीच उनकी यात्रा सुर्खियों में रही। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने ट्रोलिंग के खिलाफ की शिकायत साउथ सिनेमा के चर्चित कलाकार रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक कंटेंट और ट्रोलिंग के खिलाफ हैदराबाद साइबर क्राइम अधिकारियों से शिकायत की है। रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में एक इंटरव्यू में दोनों के बयानों के बाद उनके रिश्ते को लेकर ऑनलाइन बहस शुरू हुई थी। रश्मिका ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में सोशल मीडिया पर सलाह देने वाले लोग उनके साथ नहीं थे बल्कि विजय ने उनका साथ दिया। वहीं विजय ने भी रश्मिका का समर्थन करते हुए आलोचकों को कड़ा जवाब दिया और कहा कि दुनिया उनके खिलाफ हो तब भी वे दोनों एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। जयपुर पहुंचे वाणी कपूर और पलाश सेन फैंस के साथ खिंचवाई तस्वीरें जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेत्री वाणी कपूर और गायक पलाश सेन की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। वाणी कपूर एक नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए जयपुर पहुंचीं जबकि पलाश सेन एक कॉन्सर्ट में प्रस्तुति देने के लिए शहर आए। दोनों कलाकारों ने एयरपोर्ट पर प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। वाणी कपूर ने साल 2013 में फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था जिसकी शूटिंग जयपुर में भी हुई थी। वहीं पलाश सेन इंडी-पॉप और रॉक बैंड यूफोरिया के प्रमुख गायक के रूप में पहचाने जाते हैं। उनके लोकप्रिय गानों में ‘मायरी’ और ‘धूम पिचक धूम’ शामिल हैं। देर शाम अभिनेत्री मौनी रॉय के भी जयपुर पहुंचने की खबर रही।