भारत-वेस्टइंडीज-T20 के टिकटों की बिक्री सुबह 6 बजे से शुरू इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबले के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुक्रवार सुबह 6 बजे शुरू हो गई। बिक्री शुरू होने के पहले दो घंटे में सामान्य गैलरी कैटेगरी के करीब 80% टिकट बिक गए। टिकटों की बिक्री अधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म District by Zomato के जरिए की जा रही है। टिकट बिक्री शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमियों ने बुकिंग शुरू कर दी। शुरुआती घंटों में कई कैटेगरी के टिकटों की मांग तेजी से बढ़ी। अलग-अलग स्टैंड की लाइव उपलब्धता मांग के अनुसार लगातार बदल रही है। बन्नी घास मैदान में 6 चीतों को भेजने की तैयारी कूनो नेशनल पार्क से गुजरात के बन्नी घास मैदान में 6 चीतों को भेजने की तैयारी अंतिम चरण में है। वन विभाग के स्तर पर दोनों जगह जरूरी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। चीतों को 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर बन्नी में छोड़े जाने की संभावना है।हालांकि तारीख अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुई है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों चीतों को बन्नी में छोड़ा जा सकता है। भोजनालय में घुसी कार वकील की मौत 4 घायल जबलपुर मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार सड़क किनारे भोजनालय में घुस गई। हादसे में कार सवार वकील की मौत हो गई जबकि ड्राइवर गंभीर है। भोजनालय में सो रहे 3 लोग भी घायल हुए हैं। चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने बताया- वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे होटल खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार होटल में जा घुसी। कार में शरद कुमार दुबे और शिवम शर्मा मौजूद थे। हादसे के बाद कार में शराब की एक बोतल भी मिली। अनंत चतुर्दशी आज इंदौर में 9 KM लंबा चल समारोह मध्यप्रदेश में अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ प्रदेश के प्रमुख शहरों में झांकियों और चल समारोह की रौनक रहेगी। इंदौर में 103 साल पुरानी झांकी परंपरा के तहत शाम 6 बजे से 9 किमी से ज्यादा लंबे मार्ग पर झांकियां निकलेंगी।वहीं उज्जैन और ग्वालियर में भी विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भोपाल समेत अन्य शहरों में घाटों कृत्रिम कुंडों और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 3-4 अक्टूबर को MP में लगेंगे ‘सेवा सेतु’ कैंप मध्य प्रदेश में आम लोगों को सरकारी योजनाओं और राजस्व विभाग की सेवाएं उनके गांव और वार्ड के नजदीक उपलब्ध कराने के लिए ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शुरू किया जा रहा है। राजस्व विभाग ने 24 सितंबर को इसके विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 3 अक्टूबर को सभी विकासखंडों में ग्रामीण क्षेत्रों और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में वार्ड/जोन स्तर पर मेगा शिविर लगाए जाएंगे। दोनों दिन शिविर सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेंगे।